गूगल क्रोम और फायरफॉक्स चलाते हैं तो हो जाएं सावधान, सरकार ने जारी किया अलर्ट

Chrome-Firefox Users Alert: अगर आप अपने मोबाइल या लैपटॉप में Google Chrome या Mozilla Firefox इस्तेमाल करते हैं तो ये खबर आपके लिए बहुत जरूरी है। भारत सरकार की साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने 21 अक्टूबर को डिजिटल सर्टिफिकेट में बड़ी खामी को लेकर अलर्ट जारी किया है।

क्या है पूरा मामला?

सरकारी एजेंसी के मुताबिक भारतीय कंपनी eMudhra के 8 डिजिटल सर्टिफिकेट में सुरक्षा की कमी पाई गई है। इनमें 6 वेबसाइटों की पहचान से जुड़े सर्टिफिकेट हैं और 2 सॉफ्टवेयर की पहचान से जुड़े हैं।आसान भाषा में समझें तो हर वेबसाइट का एक डिजिटल पहचान पत्र होता है, जिसे डिजिटल सर्टिफिकेट कहते हैं। eMudhra के इन 8 सर्टिफिकेट को बनाने का तरीका कमजोर था, जिससे हैकर उसका गलत फायदा उठा सकते थे।

हैकर्स कैसे कर सकते थे फ्रॉड?

मान लीजिए आप बैंक की वेबसाइट खोल रहे हैं। अगर हैकर के पास वेबसाइट की पहचान वाला कोड आ जाए तो वह नकली वेबसाइट को असली जैसा दिखा सकता है। इससे लोगों के साथ ठगी का खतरा बढ़ जाता है।क्या डेटा चोरी हुआ?फिलहाल CERT-In ने ऐसा कोई सबूत नहीं दिया है कि किसी का डेटा चोरी हुआ है। eMudhra ने भी कहा है कि इन सर्टिफिकेट से किसी और वेबसाइट को सर्टिफिकेट जारी नहीं किया गया था।

Google और Mozilla ने क्या किया?

Google और Mozilla ने इन 6 वेबसाइट सर्टिफिकेट को ब्लॉक कर दिया है। Google ने eMudhra के ’emSign ECC Root CA – G3′ नाम के मुख्य सर्टिफिकेट को अपनी भरोसेमंद लिस्ट से हटाने का फैसला किया है। यह बदलाव 27 अक्टूबर 2026 से लागू होगा।

27 अक्टूबर के बाद क्या होगा?

27 अक्टूबर के बाद कुछ असली वेबसाइटों पर भी सुरक्षा चेतावनी (Your Connection is Not Private) दिख सकती है। इसका मतलब यह नहीं कि वेबसाइट गलत है, बल्कि ब्राउजर उस सर्टिफिकेट पर भरोसा नहीं कर रहा।

आपको क्या करना चाहिए?

1. अपने Chrome, Firefox और फोन को तुरंत अपडेट करें

2. अगर किसी वेबसाइट पर “कनेक्शन सुरक्षित नहीं है” का मैसेज आए तो उसे इग्नोर न करें

3. बैंक, पेमेंट या शॉपिंग वेबसाइट पर ऐसी चेतावनी आए तो पासवर्ड या कार्ड डिटेल न डालें

सरकार ने क्या कहा?

सरकार ने साफ किया है कि eMudhra की डिजिटल सिग्नेचर और eSign सेवाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन पर कोई असर नहीं पड़ा है। ये खामी सिर्फ वेबसाइटों वाले सर्टिफिकेट में है और इसका असर बहुत सीमित है। सरकार ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर फैल रहे डर से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *