मंगलमूर्ति के स्वागत में उमड़ा देश, राष्ट्रपति मुर्मु, पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने दी शुभकामनाएं

Ganesh Chaturthi 2026: आज से देशभर में गणेश उत्सव का त्यौहार मनाया जा रहा है. इस दौरान विघ्नहर्ता भगवान गणेश के स्वागत के लिए जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. इस ख़ास अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी है.

राष्ट्रपति मुर्मु ने दी बधाई

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर मैं देश–विदेश में रह रहे सभी भारतीयों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं. भगवान श्री गणेश बुद्धि, विवेक, समृद्धि और शुभारंभ के प्रतीक हैं. गणेश चतुर्थी का उत्सव हमारे जीवन में ऊर्जा, ज्ञान और सकारात्मकता का संचार करता है. यह पावन पर्व हमें जीवन में नए संकल्पों के साथ प्रगति के मार्ग पर अग्रसर होने के लिए प्रेरित करता है.” राष्ट्रपति ने आगे लिखा, “मैं मंगलकामना करती हूं कि भगवान श्री गणेश सभी के जीवन में सुख–शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि का संचार करें. हम सब राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लें.”

उपराष्ट्रपति ने दी शुभकामनाएं 

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने लिखा, “गणेश चतुर्थी के शुभ अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं. भगवान गणेश, जो विघ्नहर्ता और ज्ञान के प्रतीक हैं, सभी को शांति, समृद्धि और खुशहाली का आशीर्वाद दें और हमें विश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ हर बाधा को पार करने की प्रेरणा दें.”

पीएम मोदी ने देशभर को दी बधाई 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को गणेश चतुर्थी के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और प्रार्थना की कि ईश्वर के आशीर्वाद से सभी के प्रयास सफल हों एवं देश निरंतर प्रगति करता रहे. अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने कामना की कि ‘विघ्नहर्ता’ भगवान गणेश की पूजा-अर्चना और उनका आशीर्वाद प्राप्त करने का यह पावन पर्व सभी के जीवन में नयी ऊर्जा और उत्साह का संचार करे. 

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ”देशवासियों को गणेश चतुर्थी की अनंत शुभकामनाएं. विघ्नहर्ता के दर्शन और पूजन का यह पावन पर्व सबके जीवन में नयी ऊर्जा और नए उत्साह का संचार करे. उनके दिव्य आशीर्वाद से सभी के प्रयास सफल हों और राष्ट्र निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे, यही कामना है. गणपति बाप्पा मोरया.”

राजनाथ सिंह ने दी शुभकामनाएं

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा,विघ्नहर्ता, मंगलकर्ता भगवान श्री गणेश जी की आराधना के पावन पर्व गणेश चतुर्थी की समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं. भगवान गणेश जी ज्ञान, विवेक, समृद्धि और शुभारंभ के प्रतीक हैं. यह पावन पर्व हमें अपनी सनातन संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने तथा समाज में एकता, सद्भाव और सहयोग की भावना को और मजबूत करने की प्रेरणा देता है. विघ्नहर्ता श्री गणेश जी से प्रार्थना है कि वे सभी के जीवन से विघ्नों को दूर करें और देश को सुख, शांति, समृद्धि एवं प्रगति का आशीर्वाद प्रदान करें. गणपति बप्पा मोरया! मंगलमूर्ति मोरया!”

यूपी सीएम ने प्रदेशवासियों को दी बधाई

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को गणेश चतुर्थी और विश्वकर्मा पूजा की कोटि-कोटि मंगलकामनाएं दीं हैं. उन्होंने कहा कि गणेशोत्सव केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, जनजागरण और राष्ट्र के प्रति संकल्प को मजबूत करने वाला महापर्व है. 

वहीं भगवान विश्वकर्मा की पूजा हमें श्रम, कौशल और सृजन के सम्मान का संदेश देती है. मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान गणेश का जीवन-दर्शन प्रकृति के संरक्षण और संतुलन का संदेश देता है. गणेश पूजन में प्रयुक्त होने वाले ‘एकविंशति पत्र’ यानी 21 प्रकार के पत्र औषधीय पौधों और वनस्पतियों के संरक्षण की भारतीय परंपरा की ओर भी संकेत करते हैं. 

उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहारों को प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ मनाया जाना चाहिए. योगी ने कहा कि लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक ने गणेशोत्सव को सार्वजनिक स्वरूप देकर इसे आस्था से सामाजिक एकता और जनशक्ति से राष्ट्र निर्माण का माध्यम बनाया था. 

इसे भी पढ़ें:-गणेश चतुर्थी की शाम करें बप्पा की विशेष आरती, हर विघ्न होगा दूर!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *