गोवा एयरपोर्ट पर इंडिगो विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, दिल्ली के लिए उड़ान भरने के बाद इंजन में आई खराबी

New Delhi: इंडिगो की गोवा-दिल्ली फ्लाइट को आज गोवा में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। उड़ान के दौरान इंजन में खराबी की सूचना मिलने पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने कुछ समय के लिए फुल इमरजेंसी घोषित कर दिया। इसके बाद इंडिगो की गोवा-दिल्ली फ्लाइट को वापस एयरपोर्ट लौटाना पड़ा, जिसमें 229 यात्री सवार थे। जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E 2102 ने आज सुबह गोवा से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन कुछ ही देर बाद प्लेन के एक इंजन में खराबी की सूचना मिली। इसके बाद प्लेन ने गोवा के मोपा एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की। अधिकारियों ने बताया की दिल्ली जाने वाली इंडिगो एयरलाइंस की एक विमान उड़ान भरने के बाद गोवा लौट आई। इंजन में खराबी के कारण इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी।

तकनीकी खराबी की वजह आई सामने

इंडिगो के अधिकारियों ने कहा कि 1 सितंबर को नॉर्थ गोवा से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ़्लाइट 6E 2102 में उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद एक तकनीकी खराबी का पता चला। स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) का पालन करते हुए संबंधित अधिकारियों को सूचित किया गया और पायलटों ने विमान को वापस मोड़कर मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित रूप से लैंड कराया। अभी विमान की मेंटेनेंस जांच चल रही है और सभी जरूरी मंज़ूरी मिलने के बाद यह फिर से उड़ान भरना शुरू करेगा।

अधिकारियों ने बयान में आगे कहा कि हमें अपने ग्राहकों को हुई असुविधा के लिए खेद है और हमने इसे कम से कम करने की पूरी कोशिश की, जिसमें रिफ्रेशमेंट देना और समय-समय पर अपडेट देना शामिल है। हमने अपने ग्राहकों के लिए उनकी मंज़िल तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक इंतजाम भी किए हैं। इंडिगो में हमारे ग्राहकों, क्रू और विमान की सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *