West Bengal: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित बीजेपी की पहली सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में बेहद भावुक पल दिखा. शपथ ग्रहण से पहले पीएम मोदी ने मंच पर 98 वर्षीय बुजुर्ग माखनलाल सरकार के पैर छुए और शॉल पहनाकर उनका सम्मान किया और काफी देर तक उनसे बातें करते रहे. इस मौके पर पार्टी ने माखनलाल सरकार को मंच पर खास जगह दी. उन्हें बीजेपी के पुराने और समर्पित नेताओं में गिना जाता है, जिन्होंने लंबे समय तक पार्टी और राष्ट्रवादी आंदोलन के लिए काम किया है.
माखनलाल सरकार 1952 में श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ गिरफ्तार हुए थे. आजाद भारत में इन्होंने कई राष्ट्रवादी आंदोलनों में हिस्सा लिया. पश्चिम बंगाल में जब वामदल बीजेपी को पूरी तरह कुचलने की कोशिश कर रही थी तब भी माखनलाल ने जमीनी लड़ाई लड़ते रहे. जब 1980 में बीजेपी अस्तित्व में आई तब पश्चिमी दीनाजपुर में माखनलाल सरकार को वहां का कोऑर्डिनेटर बनाया गया था. उस दौर में इन्होंने एक साल के अंदर दार्जिलिंग के इलाके में बीजेपी के साथ 10 हजार लोगों को जोड़ा था. 1981 से लगातार वह बीजेपी जिला अध्यक्ष से लेकर तमाम पद संभालते रहे.