लखनऊ। राजधानी में क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष यानी ब्लॉक प्रमुख पदों पर चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को आठ विकासखंड में 20 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इनमें बीकेटी की प्रत्याशी का नामांकन पत्र जांच में गड़बड़ पाए जाने पर खारिज कर दिया गया। वहीं, माल, मलिहाबाद में सपा व भाजपा कार्यकर्ताओं में छिटपुट झड़प व धक्कामुक्की हुई। अधिकतर जगह मुकाबला सपा व भाजपा के बीच सिमट गया है। नाम वापसी शनिवार को होगी। नामांकन के दौरान सपा व भाजपा समर्थक ब्लॉक कार्यालय के बाहर नारेबाजी कर रहे थे। इस दौरान दोनों पक्षों में धक्कामुक्की व हाथापाई हो गई। सपा के पूर्व विधायक इंदल कुमार रावत ने भाजपाइयों पर पीटने व पर्चा फाड़ने के प्रयास का आरोप लगाया। सपाइयों ने नामांकन न करने देने का आरोप लगाते हुए हंगामा भी किया। एडीएम सिटी केपी सिंह ने सपा प्रत्याशी को ब्लॉक गेट के अंदर पहुंचाया, जहां उन्होंने नामांकन किया। भाजपा नेता रामकुमार राही ने आरोप नकारते हुए कहा कि विवाद आपत्तिजनक नारों को लेकर हुआ था और सपा कार्यकर्ताओं ने खुद हमला किया था। अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित सीट पर सपा से उमा रावत और भाजपा प्रत्याशी रामदेवी ने ही नामांकन किया है। रामदेवी के साथ केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर के पुत्र विकास किशोर, पूर्व प्रमुख प्रतिनिधि दिलावर, भाजपा नेता सत्येंद्र अग्निहोत्री, प्रधान अविनाश सिंह थे। ढकवा निवासी क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपमाला ने पर्चा खरीदने के बाद नामांकन नहीं किया।