अयोध्या से विधानसभा चुनाव के मैदान में उतर सकते हैं सीएम योगी

लखनऊ। भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दोनों उप मुख्यमंत्रियों डॉ. दिनेश शर्मा व केशव प्रसाद मौर्य को भी चुनाव लड़ा सकती है। इनके अलावा उन मंत्रियों को भी चुनाव लड़ाया जा सकता है, जो वर्तमान में विधान परिषद सदस्य हैं। इनमें कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का नाम शामिल है। विपक्षी दलों में बसपा व कांग्रेस जहां अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुकी हैं। जबकि सपा भी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी और रालोद व कुछ छोटे दलों को साथ लेकर चुनाव लड़ने की रणनीति पर काम कर रही है। ऐसे में भाजपा भी विपक्ष की रणनीति को देखते हुए अपने कई विधान परिषद सदस्यों को चुनाव मैदान में उतारने की रणनीति पर विचार कर रही है। उन सभी मंत्रियों को चुनाव लड़ने की तैयारी करने का इशारा भी कर दिया गया है जो एमएलसी हैं। पार्टी का मानना है कि बड़े नेताओं के चुनाव लड़ने से आसपास की सीटों पर भी पार्टी के उम्मीदवारों को फायदा हो सकता है। मुख्यमंत्री योगी और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का कार्यकाल अगले साल जुलाई में समाप्त हो रहा है। इसके मद्देनजर पार्टी के रणनीतिकार कहते हैं कि अगर सरकार बनी तो कुछ महीने बाद ही इन लोगों को फिर से एमएलसी बनाने की कवायद करनी होगी। ऐसे में बेहतर है कि इन्हें विस चुनाव लड़ा दिया जाए तो बाद में उच्च सदन में भेजने की जद्दोजहद नहीं करनी होगी। पार्टी सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री सहित ऐसे सभी मंत्रियों को चुनाव मैदान में उतारा जाना लगभग तय है, जो एमएलसी हैं और उनका कार्यकाल अगले एक या दो साल में पूरा हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *