आज पौधारोपण का रिकार्ड बनाएगा आगरा

आगरा। पूरे प्रदेश में 30 करोड़ पौधे लगाने के अभियान के तहत रविवार को 25 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। इसमें 38 लाख पौधे रविवार को आगरा में लगाए जाएंगे। प्रदेश सरकार के निर्देश के बाद शनिवार को सभी विभागों ने अपने लक्ष्य के मुताबिक गड्ढे खुदवाए, जिनमें रविवार को एक साथ पौधरोपण किया जाएगा। हर विभाग के लिए प्रशासन ने नोडल अधिकारी भी नियुक्त किया है, जो अभियान पर नजर रखेंगे। इन पौधों की जिओ टैगिंग कराई जाएगी। इस बार मानसून के दौरान जुलाई माह में 27 विभाग मिलकर पूरे जिले में 45,74,723 पौधे लगाएंगे। रविवार को पौधरोपण का महाअभियान चलाया जाएगा, जिसमें इन 45 लाख पौधों में से 38,17,389 पौधे लगाए जाएंगे। इनमें सबसे ज्यादा पौधे ग्राम्य विकास विभाग लगाएगा। वन विभाग को 11.89 लाख पौधे लगाने की जिम्मेदारी मिली है। शनिवार को मशीनों के जरिए पूरे जिले में अलग-अलग साइट पर गड्ढों की खोदाई का काम चलता रहा। इस बार सबसे अधिक पौधे नदी और तालाब किनारे रोपने का लक्ष्य है, जिससे कि पानी का संकट न रहे। अभियान में मनरेगा मजदूरों को लगाया गया है। जिले में सबसे अधिक पौधे 1,66,107 फतेहाबाद ब्लाक में रोपे जाएंगे। यमुना, उटंगन, किवाड़, खारी और चंबल नदी किनारे लगभग दस लाख पौधे रोपे जाने का लक्ष्य है। बाकी पौधे जिले की 690 ग्राम पंचायतों में स्थित तालाब किनारे रोपे जाएंगे। मुख्य विकास अधिकारी ए. मनिकंडन ने बताया कि नदी और तालाब किनारे रोपे जाने वाले पौधों को पानी और नमी मिलती रहेगी। ज्यादा पौधे नदी और तालाब किनारे ही रोपे जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *