उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 127 परियोजनाओं का किया शिलान्यास

झांसी। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को झांसी पहुंचे। मुक्ताकाशी मंच से उन्होंने मंडल के विकास के लिए 325 करोड़ रुपये की 127 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। जबकि, 608 करोड़ की लागत की 73 परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इसमें सीपरी बाजार का नवनिर्मित ओवर ब्रिज व कोटरा घाट पुल भी शामिल है। दोपहर एक बजे वे सर्किट हाउस में पार्टी के पदाधिकारियों से मिले। अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की। पौने दो बजे वे यहां से वापस दतिया के लिए प्रस्थान कर गए। अपने संबोधन के दौरान केशव प्रसाद मौर्य सपा, बसपा व कांग्रेस पर हमलावर रहे। उन्होंने कहा कि जिन्होंने निहत्थे राम भक्तों पर लाठियां चलवाई थीं, राम भक्तों के खून से जमीन को लाल कर दिया था और राम मंदिर न बनने पाए कोर्ट से लेकर जनता के बीच जाकर लगातार दुष्प्रचार करने का काम किया, साथ ही राम के अस्तित्व को नकार दिया था, वे राम मंदिर निर्माण में जमीन घोटाले का आरोप लगा रहे हैं। कोई भी राम भक्त इन राम द्रोहियों की बात को स्वीकार नहीं करेगा। सच्चे राम भक्त वहां मंदिर निर्माण के काम मे लगे हुए हैं। राम द्रोहियों से उन्हें प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं है। इस तरह का आरोप लगाकर विपक्षी राजनीतिक रास्ता तलाश कर रहे है, लेकिन ये उनकी भूल है, पिछले चुनावों की तरह 2022 में भी उनका सूपड़ा साफ होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *