गोरखपुर। गुरू पूर्णिमा पर ठाकुर श्रीबांकेबिहारी के दर्शन करने के लिए वृंदावन में लाखों श्रद्धालु आते हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं आवागमन की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए शुक्रवार से 25 जुलाई तक वृंदावन की यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि वृंदावन में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। गुरु पूर्णिमा को लेकर यातायात परिवर्तित किया है। कोरोना के कारण गोवर्धन क्षेत्र में लगने वाला मुड़िया पूर्णिमा मेला निरस्त किया जा चुका है। वहां पर लाखों की संख्या में श्रद्धालु एकत्र होते थे। वृंदावन में श्रद्धालुओं के आगमन पर कोई प्रतिबंध नहीं है, लिहाजा गुरु पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं का दबाव वृंदावन क्षेत्र में रहेगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहले ही वृंदावन में आ चुके हैं। होटल, गेस्ट हाउस व आश्रमों में रुके हैं। छटीकरा-वृंदावन मार्ग पर मल्टीलेबिल पार्किंग स्थल से आगे कोई वाहन नहीं जा सकेगा। मथुरा-वृदांवन मार्ग पर सौ शैया से आगे सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। यमुना एक्सप्रेसवे से वृंदावन आने वाले वाहन दारुख पार्किंग से आगे प्रतिबंधित रहेंगे।