गोरखपुर में बढ़ा नदियों का जलस्तर

गोरखपुर। गोरखपुर में दो दिनों से लगातार हो रही बारिश का असर नदियों के जलस्तर पर दिखने लगा है। सभी प्रमुख नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, पर सभी खतरे के निशान से नीचे हैं। हालांकि जलस्तर बढ़ने की यही रफ्तार रही तो कल तक अधिकतर नदियां खतरे के लाल निशन को पार कर जाएंगी। बढ़ते जलस्तर के कारण कई स्थानों पर नदी कटान भी कर रही है, जिसको लेकर विभाग सजग है। नेपाल की पहाड़ी से मैदानी इलाकों तक दो दिनों से लगातार हो रही बारिश का असर नदियों के जलस्तर पर भी पड़ने लगा है। जनपद में बहने वाली सभी प्रमुख नदियां तेजी से बढ़ रही हैं। अयोध्या में घाघरा नदी खतरे के निशान से महज 34 सेंटीमीटर नीचे बह रही हैं। राप्ती नदी गोरखपुर में खतरे के निशान से 41 सेंटीमीटर नीचे बह रही हैं। इसके भी बढ़ने का क्रम जारी है। कई बार खतरे का निशान पार कर चुकी रोहिन नदी एक बार लाल निशान के करीब पहुंच गई है। वह खतरे के निशान से मात्र 22 सेंटीमीटर नीचे हैं। गोर्रा नदी का जलस्तर बढ़ रहा है पर पिड़रा घाट में खतरे के निशान से एक मीटर नीचे बह रही हैं। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता रूपेश कुमार खरे ने बताया कि नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। विभाग पूरी तरह से सतर्क है। बंधों पर सतत निगरानी जारी है। चौरीचौरा में गोपलापुर के पास राप्ती नदी पर कटान हो रहा था, वहां पर बल्ली की पायलिंग कर कटान को रोका गया है। बांध पूरी तरह से सुरक्षित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *