जिला पंचायत अध्यक्ष नामांकन के पहले भाजपा ने दिखाई ताकत

लखनऊ। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के नामांकन के पूर्व भाजपा ने शनिवार को अपनी ताकत का भी एहसास कराया। पार्टी प्रत्याशी डा. वीके सिंह के समर्थन में भाजपा से प्रयागराज की दोनों सांसद, सभी विधायक एवं प्रमुख पदाधिकारियों के साथ सैकड़ों कार्यकर्ता स्टैनली रोड स्थित आरडी पैलेस पहुंचे। पर्याप्त संख्या बल जुटाने के साथ भाजपा ने यह भी दर्शाया कि पूरी पार्टी इस चुनाव में डा. वीके सिंह के साथ है। निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा सिंह भी लगातार वीके सिंह के साथ ही रहीं। आरडी पैलेस से भाजपा प्रत्याशी डा. वीके सिंह पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ पैदल ही जिला पंचायत के लिए रवाना हुए। नामांकन करने के बाद वह खुली जीप में खड़े होकर लोगों का अभिवादन करते हुए वापस आए। इसके पूर्व आरडी पैलेस में सुबह नौ बजे से ही पार्टी कार्यकर्ता पहुंचने शुरू हो गए। डा. वीके सिंह के समर्थन में गंगापार से काफी संख्या में पार्टी नेता आरडी पैलेस पहुंचे। नामांकन के पूर्व आरडी पैलेस में एकत्रित कार्यकर्ताओं को भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी लक्ष्मण आचार्य ने संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ग्राम स्वराज की अवधारणा को गति देने के लिए प्रयागराज के चिकित्सक डा. वीके सिंह को भारतीय जनता पार्टी ने अपना प्रत्याशी घोषित किया। लक्ष्मण आचार्य ने कहा कि डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को आधुनिक प्रयागराज का जनक बताते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के उत्साह से जिला पंचायत अध्यक्ष पद भाजपा प्रत्याशी ही काबिज होगा। इस अवसर पर सांसद केशरी देवी पटेल ने कहा कि जिले के विकास के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष के रूप में हमने जो पौधा लगाया था, उसमें डा. वीके सिंह पुष्पित पल्लवित करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *