ताजहमल की सुरक्षा के लिए तैयार होंगे कमांडो

आगरा। एडीजी सुरक्षा विनोद कुमार सिंह ने ताजमहल की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसके बाद पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें दिशा निर्देश देते हुए कहा कि पुलिसकर्मियों को कमांडो ट्रेनिंग के लिए चिह्नित किया जाए। यह कमांडो ताज में खतरे पर तुरंत मोर्चा संभाल लेंगे। इसके अलावा उन्होंने एंटी ड्रोन डिवाइस लगाने, यलो व रेड जोन में सुरक्षा पुख्ता करने को लेकर भी अधिकारियों के साथ मंथन किया। एडीजी सुरक्षा विनोद कुमार सिंह ने यलो और रेड जोन को देखा। इसके बाद ताज के पीछे यमुना नदी किनारे सुरक्षा की जानकारी ली। एडीजी ने बैठक में कहा कि ताज में खतरे की सूचना पर तत्काल कार्रवाई के लिए कमांडो होने चाहिए, जो स्पेशल टीम के आने तक मोर्चा संभाल सकें। इसके लिए पुलिसकर्मियों को चिह्नित किया जाए। उनकी विशेष ट्रेनिंग लखनऊ में करवाने की व्यवस्था की जाएगी। एडीजी सुरक्षा विनोद कुमार सिंह ने ड्रोन उड़ाए जाने से रोकने पर भी बात की। उन्होंने कहा कि एंटी ड्रोन डिवाइस उपकरण लगाए जाएं। उनको खरीदने के लिए प्रस्ताव तैयार किया जाएं। इनके लगने से ड्रोन को सुरक्षाकर्मी उड़ने से रोक सकेंगे। यह भी कहा कि ड्रोन नहीं उड़ाने के संबंध में जगह-जगह बोर्ड लगाए जाने चाहिए। होटलों के आसपास जानकारी वाले बोर्ड लगाए जाएं, जिससे पर्यटक देख सकें। बैठक में आईजी नवीन अरोरा, सीआईएसएफ के आईजी सुधांशु कुमार, डीएम पीएन सिंह, एसएसपी मुनिराज जी, एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद, एएसआई, एडीए के अधिकारी मौजूद रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *