नगर निगम के मृतक आश्रितों को मिली नौकरी, सौंपें गए नियुकि्त पत्र

लखनऊ। कोरोना की दूसरी लहर में नगर निगम में जिन 40 कर्मचारियों की मृत्यु हुई है उनमें से 12 के आश्रितों की नियुक्ति हो गई। उनमें 12 लोगों को नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन और महापौर संयुक्ता भाटिया ने नियुक्ति पत्र वितरित किए। इसे लेकर नगर विकास मंत्री के सरकारी आवास पर बुधवार को कार्यक्रम किया गया। नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने कहा कि नगर निकाय के सभी कर्मचारियों ने कोरोना संकट के पिछले एक वर्ष में सैनिटाइजेशन, सफाई और दवा वितरण के अभियान में उल्लेखनीय कार्य किया है। विशेष रूप से कंटेनमेंट जोन में काम प्रशंसनीय रहा है। इससे महामारी को रोकने में काफी मदद मिली है। जिन कर्मचारियों ने दायित्वों का पालन करते हुए जान गंवाई। ऐसे कर्मचारी जो अब हमारे बीच नहीं हैं उनके परिवार एवं आश्रितों की चिंता करना हमारा फर्ज है। महापौर संयुक्ता भाटिया ने कहा कि शासन द्वारा कोरोना से जान गंवाने वाले कर्मचारियों के आश्रितों को 50 लाख रुपये की सहायता दी जानी है। इसके लिए 13 कर्मचारियों के आश्रितों की सूची भेजी गई है। सरकार इस दुख की घड़ी में मृतक कर्मचारियों के परिवारजनों के साथ है। उनको जो भी आवश्यकता होगी उसे पूरा किया जाएगा। नगर आयुक्त अजय कुमार द्विवेदी ने नियुक्ति की प्रक्रिया को जल्द पूरा कराने के लिए अधिष्ठान के अधिकारियों-कर्मचारियों की सराहना की। इस मौके पर अपर नगर आयुक्त अमित कुमार, अर्चना द्विवेदी, नगर निगम उपाध्यक्ष रजनीश गुप्ता, भाजपा पार्षद दल नेता कौशलेंद्र द्विवेदी, पार्षद रामकृष्ण यादव, राजेश मालवीय और राम औतार कनौजिया प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *