नगर निगम में शामिल 32 गांवों का किया जाएगा विकास

गोरखपुर। गोरखपुर नगर निगम में शामिल 32 गांवों का 250 करोड़ की लागत से विकास होगा। नगर निगम ने इसके लिए सर्वे शुरू करा दिया है। सर्वे पूरा हो जाने के बाद इन गांव में मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए नगर निगम की ओर से प्रोजेक्ट तैयार किया जाएगा। अगर यह राशि कम पड़ेगी तो शासन से भी मांग की जाएगी। नगर निगम के बाहरी इलाकों के 32 ग्राम पंचायतों को नगर निगम में शामिल कर लिया गया है। अब ये सारे 32 गांव नगर निगम का हिस्सा हैं। सुविधा के दृष्टिकोण से नगर निगम प्रशासन ने इन गांवों को सटे हुए वार्डों के साथ अटैच कर दिया है। जब सर्वे का काम पूरा हो जाएगा उसके बाद निर्धारित होगा कि वार्डों की संख्या में बढ़ोतरी होगी या इन्हें विभिन्न वार्डों के साथ जोड़ दिया जाएगा। हालांकि संभावना जताई जा रही है कि वार्डों की संख्या को बढ़ाकर 80 कर दिया जाए। इसके लिए नगर निगम की ओर से सर्वे का काम तेजी से चल रहा है। नगर आयुक्त अविनाश कुमार सिंह का कहना है कि नगर निगम में शामिल इन 32 गांवों में सड़क, नाली, बिजली, पानी, सीवर लाइन जैसी मूलभूत सुविधाओं को विकसित किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम करीब 250 करोड़ की लागत का प्रोजेक्ट तैयार कर रहा है। अगर इतनी राशि कम पड़ती है तो शासन से और राशि की मांग की जाएगी। हमारी कोशिश रहेगी कि नगर निगम में शामिल इन गांवों में वे सारी सुविधाएं उपलब्ध हों जो नगर निगम के अन्य वार्डों में उपलब्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *