पुलिस ने चार वाहन चोरों को किया गिरफ्तार, दर्जनों बाइकेें बरामद

गाजीपुर। नंदगंज थाना पुलिस को शनिवार की रात बड़ी सफलता मिली। वाहन चेकिंग के दौरान चार वाहन चोरों को गिरफ्तार किया। रविवार को पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता में पुलिस अधीक्षक डा. ओमप्रकाश सिंह ने अभियुक्तों को मीडिया के समक्ष पेश किया। उन्होंने बताया कि फंदे में आए अभियुक्त शातिर किस्म के चोर है। इनके कब्जे से चोरी की 15 बाइकें बरामद की गई। पुलिस अधीक्षक बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था के दृष्टि से शनिवार की रात नंदगंज थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय हमराहियों के साथ क्षेत्र के शादियाबाद तिराहा मोड़ पर मौजूद थे। इसी दौरान करीब 10 बजे सूचना मिली कि चोरी की तीन बाइकों पर सवार होकर चार व्यक्ति नंदगंज की तरफ आ रहे हैं। इस पर तत्काल हरकत में आते हुए थानाध्यक्ष ने रामपुर बतंरा हाइवे तिराहा पर वाहन चेकिंग शुरु कर दिया। कुछ ही देर बाद तीन बाइकों पर चार व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए। पास आने पर जैसे ही पुलिस ने रूकने का इशारा किया, बाइक घुमाकर भागने चाहे, लेकिन पुलिस ने घेरेबंदी कर दबोच लिया। अभियुक्तों के पास से ही इनकी निशानदेही पर चोरी की कुल 15 बाइकें बरामद की गई। एसपी ने बताया कि फंदे में आए अभियुक्तों में नंदगंज थाना क्षेत्र के सौरम निवासी राजू उर्फ सलाउद्दीन, यही के चंदन कुशवाहा, त्रिभुवन कश्यप उर्फ छोटू और लखीमपुर निवासी अशोक सिंह यादव शामिल है। पुलिस ने अभियुक्तों का संबंधित धाराओं में चालान कर दिया। गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक के साथ उपनिरीक्षक सुरेन्द्र नाथ सिंह, उपनिरीक्षक कृपेन्द्र प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल धर्मदेव चौहान, हेड कांस्टेबल फूलचंद यादव, कांस्टेबल सचिन सरोज, कां. जय कुमार, म.कां. विनिता कुमारी, कां. देवानंद, कां. विनय कुमार और कांस्टेबल मनीष कुमार शामिल थे। इस सफलता के लिए पुलिस कप्तान ने टीम की पीठ थपथपाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *