आगरा। ब्रज में 75वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। रविवार सुबह तय समय के अनुसार सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों पर ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद सामाजिक दूरी का पालन करते हुए राष्ट्रगान हुआ। स्वतंत्रता दिवस पर आगरा में सरकारी भवनों पर भव्य सजावट की गई। ब्रज में स्वतंत्रता दिवस का उत्साह युवाओं में देखते ही बन रहा था। आगरा में युवाओं ने बाइक रैली निकाल कर सद्भावना का संदेश भी दिया। वहीं ब्रज में जनपदों में ध्वजारोहण के बाद पौधरोपण भी हुआ। तिरंगे को सलामी देने के लिए सभी उत्साहित रहे। कई सामाजिक संस्थानों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए। वहीं ऑनलाइन प्रतियोगिताओं में भी भाग लिया। बच्चों ने शानदार प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। एटा: कलक्ट्रेट में डीएम अंकित अग्रवाल ने स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में झंडा फहराया। इसके बाद उन्होंने पौधरोपण किया। वहीं पुलिस लाइन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उदय शंकर सिंह ने तिरंगे को सलामी दी। फिरोजाबाद में हर्षोल्लास के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। कलक्ट्रेट में जिला अधिकारी चंद्र विजय सिंह ने ध्वजारोहण किया। इसके अलावा सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थाओं में भी ध्वजारोहण के कार्यक्रम हुए। 75 वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर फिरोजाबाद के बच्चू बाबा सरस्वती शिशु मंदिर, लालपुर में मेयर नूतन राठौर ने ध्वजरोहण किया। इस दौरान सदर विधायक मनीष असीजा, डॉ. एसपी लहरी आदि मौजूद रहे। स्वतंत्रता दिवस का उत्साह मैनपुरी जनपद में भी देखने को मिला। मैनपुरी में डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने मुख्यालय परिसर में ध्वजारोहण किया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। मथुरा में स्वतंत्रता दिवस हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। कलक्ट्रेट कार्यालय में झंडारोहण का कार्यक्रम हुआ। जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान तमाम प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस लाइन में एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने ध्वजारोहण किया। पुलिसकर्मियों ने ध्वज को सलामी दी।