भाजपा ने सपना सिंह को घोषित किया जि‍पं अध्‍यक्ष प्रत्‍याशी

गाजीपुर। जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ने के लिए भाजपा में पिछले कई दिनों से वंदना यादव और सपना सिंह के बीच चल रहे सियासी खेल पर गुरुवार को विराम लग गया। अखिरकार सियासत के खेल में वंदना यादव फेल हो गई और सपना सिंह पास। भाजपा ने सपना सिंह के नाम पर पार्टी प्रत्याशी की मुहर लगा दी। भाजपा के इस निर्णय के बाद इस चुनाव को लेकर सियासी गलियारे में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। मालूम हो कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर चुनाव के लिए सपा ने पहले ही नवनिर्वाचित पंचायत सदस्य कुसुम लता को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया था। जबकि भाजपा में टिकट को लेकर विजय यादव की पत्नी जिला पंचायत सदस्य वंदना यादव और पंकज सिंह चंचल की पत्नी पंचायत सदस्य सपना सिंह के बीच पिछले कई दिनों से टिकट को लेकर राजनीतिक घमासान चल रहा था। सपना सिंह रिश्ते में एमएलसी विशाल सिंह चंचल की सरहज लगती हैं, इसलिए वह इनके पैरवीकार थे। राजनीतिक घमासान को देखते हुए पिछले दिनों प्रभारी मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला का जनपद में आगमन हुआ था। प्रभारी मंत्री पहले नगर के भुटहियाटाड़ स्थित एमएलसी विशाल सिंह चंचल के कार्यालय और बाद में टिकट के दूसरे दावेदार डा. वंदना यादव सिंह के पति विजय यादव बुलावा पर कैथी स्थित उनके मेडिकल कालेज पर पहुंचे थे। प्रभारी मंत्री ने टिकट के दोनों दावेदारों की मजबूती को परखा था। मंत्री के इस परख के बाद दोनों दावेदारों को इस बात का इंतजार था कि पार्टी चुनाव लड़ने के लिए किसकों हरी झंडी देती है। टिकट को लेकर राजनीतिक पंडितों द्वारा भी तरह-तरह का कयास लगाने का क्रम शुरु हो गया था। इसी क्रम में गुरुवार को पार्टी के न्यौता पर सपना सिंह भाजपा कार्यालय पर पहुंची, जहां जिलाध्यक्ष भानूप्रताप सिंह ने उन्हें पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराया। इसके कुछ ही घंटे बाद पार्टी ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर सपना सिंह को पार्टी का प्रत्याशी घोषित कर दिया। चंचल सिंह के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। उन्होंने पार्टी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर खुशी का इजहार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *