हाईवे पर टेंपो और डबल डेकर बस की टक्कर में दर्जनों की मौत

कानपुर। कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र के किसान नगर में मंगलवार रात उल्टी दिशा से आ रहे टेंपो और डबल डेकर बस की टक्कर में 17 लोगों की मौत हो गई। मरने वाले सभी टेंपो सवार हैं। वहीं हादसे में करीब 20 फीट नीचे गिरी बस के आठ और चार यात्री टेंपो के भी घायल हुए हैं। इनमें दो की हालत गंभीर है। सभी घायलों को हैलट में भर्ती कराया गया। सड़क हादसे में मारे गए सभी 17 लोगों का पोस्टमार्टम रात को 2:00 बजे शुरू हुआ था जो सुबह 6:00 बजे खत्म हो गया। इसके बाद सभी का अंतिम संस्कार कर दिया गया। कल्पना ट्रैवल्स की डबल डेकर बस मंगलवार रात करीब आठ बजे फजलगंज से अहमदाबाद के लिए निकली थी। बस में करीब 100 यात्री थे। रात करीब साढ़े आठ बजे बस किसान नगर भारत गैस एजेंसी के पास पहुंची, तभी सामने से यात्रियों से भरा टेंपो आ गया। आमने-सामने की टक्कर के बाद बस सड़क किनारे खाई में जा गिरी। पुलिस के मुताबिक, टेंपो में 21 लोग सवार थे, इनमें 17 की मौत हो गई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने शवों को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया। वहीं घायलों को हैलट भेजा गया। पुलिस कमिश्नर असीम अरुण, आईजी मोहित अग्रवाल, एडिशनल सीपी आकाश कुलहरि समेत अन्य पुलिस व प्रशासनिक अफसर हैलट पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। आईजी मोहित अग्रवाल ने 17 मौतों की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घायलों का हर संभव इलाज कराया जा रहा है। एडीजी भानु भास्कर के मुताबिक बस के दोनों चालक नशे में थे। टेंपो में चालक समेत 21 लोग थे। ये सभी सचेंडी के सीढ़ी इटारा में अंबाजी पारले बिस्कुट फैक्टरी के कर्मचारी थे। नाइट शिफ्ट में ड्यूटी करने फैक्टरी जा रहे थे। हादसे में 16 कर्मचारियों और टेंपो चालक की मौत हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हाईवे के कारण बस काफी स्पीड में थी। चालक को जरा भी इल्म नहीं था कि हाईवे पर कोई उल्टी दिशा से आ जाएगा। यही वजह रही कि जब टेंपो सामने आया तो बचने का कोई मौका नहीं मिला। दोनों वाहन आमने-सामने से टकरा गए। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *