32 गांवों की सरकारी भूमि का बनेगा लैंड बैंक

गोरखपुर। गोरखपुर नगर निगम में शामिल हुए 32 गांवों की सरकारी भूमि का लैंड बैंक बनेगा। इसके लिए नगर निगम ने कवायद शुरू कर दी है। इस काम के लिए जल्द ही नगर निगम की ओर से एक लेखपाल और एक नायब तहसीलदार की संविदा पर नियुक्ति की जाएगी। सर्वे का काम शुरू भी कर दिया गया है। सभी सरकारी संपत्तियों का विवरण तैयार करने के बाद नगर निगम इसके व्यवसायिक इस्तेमाल करने संबंधी अपनी योजनाओं पर काम करेगा। हाल में नगर निगम की सीमा से लगे 32 गांव को नगर निगम में शामिल किया गया है। इन गांवों में काफी बड़े क्षेत्र में सरकारी जमीन भी है। सामान्य तौर पर ग्राम समाज की जमीन का सार्वजनिक रूप से इस्तेमाल होता है। चारागाह के रूप में काफी मात्रा में जमीन है। इसको देखते हुए नगर निगम की ओर से इन सभी भूखंडों का विस्तृत विवरण तैयार कराया जा रहा है। नगर निगम की योजना है कि इनका व्यावसायिक इस्तेमाल किया जाए। नगर निगम क्षेत्र के कई भूखंडों के संबंध में नगर निगम की ओर से कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स, कॉलोनी, मल्टी बहुमंजिली इमारतें बनाने की योजना भी तैयार कर ली गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *