65 जिला पंचायतों में अध्यक्ष बनाने का है भाजपा का लक्ष्य

लखनऊ। भाजपा ने जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में प्रदेश की 75 में से 65 सीटों पर काबिज होने का लक्ष्य तय किया है। मुख्यमंत्री आवास पर बुधवार रात हुई पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में रणनीति पर मंथन किया गया। इसको लेकर प्रदेश सरकार जल्द अधिसूचना जारी कर सकती है। इसके बाद राज्य निर्वाचन आयोग अधिसूचना जारी करेगा। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के लिए अब तक हुई तैयारी की जानकारी दी। 65 में से करीब 55 से अधिक जिला पंचायतों में भाजपा की तैयारी पूरी है। जानकारों का मानना है कि 2015 में तत्कालीन सत्तारूढ़ दल सपा के 62 जिला पंचायत अध्यक्ष थे। भाजपा ने सपा का रिकार्ड तोड़ने के लिए 65 का लक्ष्य रखा है। उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही पार्टी हर जिले में मंत्रियों, सांसदों और विधायकों की देखरेख में चुनाव कराएगी। सभी सदस्यों को मतदान के दिन तक किसी होटल, रिसोर्ट, धर्मशाला, स्कूल-कॉलेज भवन में पार्टी की निगरानी में रखा जाएगा। उधर क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भी उम्मीदवार चयन की कवायद शुरू हो गई है। पार्टी ने 500 से अधिक क्षेत्र पंचायतों में अध्यक्ष पद पर चुनाव जिताने की रणनीति बनाई गई है। योजना है कि जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव होने के 10 से 15 दिन बाद क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव कराए जाएंगे। दोनों चुनाव 15 जुलाई तक कराने की योजना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *