पीएम मोदी के 71वें जन्मदिन पर मां गंगा को चढ़ाई गई 71 मीटर चुनरी

वाराणसी। वाराणसी के सांसद व देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 71वें जन्म दिवस अवसर पर शहर भर विविध प्रकार के कार्यक्रम हो रहे हैं। शुक्रवार की सुबह अहिल्याबाई घाट पर 71 वैदिक ब्राह्मणों ने केसर जल और दूध से मां गंगा का अभिषेक किया। तो वहीं दशाश्वमेध घाट पर रत्ना देवी समाजसेवी ट्रस्ट और भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से मां गंगा को 71 मीटर लंबी चुनरी चढ़ाई गई। इसके साथ ही 71 लीटर दूध से अभिषेक किया गया। इस दौरान भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पूरा देश प्रगति पथ पर अग्रसर है। उनकी लंबी आयु और अच्छे स्वास्थ्य के लिए हम सभी ने बाबा विश्वनाथ और मां गंगा से प्रार्थना की है। इसके साथ ही आज जिले की आठों विधानसभाओं ने 71-71 किलो लड्डू का वितरण किया जाएगा। भाजपा महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय ने कहा कि पीएम मोदी के जन्मदिन को पूरी काशी हर्षोल्लास के साथ मना रही है। आज विश्वकर्मा पूजा है इसलिए 500 विश्वकर्मा टूल किट वितरण किया जाएगा। इसके अलावा 71 खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाएगा। यह कार्यक्रम 21 दिनों तक यानी 7 अक्टूबर तक ऐसे ही चलेगा। शाम छह बजे भारत माता मंदिर पर 71 हजार दीपक जलाने का कार्यक्रम होगा। इसमें ललित कला अकादमी के छात्र रंगोली से पीएम मोदी का चित्र बनाएंगे और दीप जलाएंगे। साथ ही भारत माता में बने अखंड भारत के मैप को भी दीयों से सजाते हुए मंदिर में 71 हजार दीप लगाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *