बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का सीएम योगी ने किया दौरा

सिद्धार्थनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को सिद्धार्थनगर में बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने डुमरियागंज इटवा बांसी शोहरतगढ़ में हेलीकॉप्टर से बाढ़ की समस्याएं देखी। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री दी और उनसे समस्याओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने उसका बाजार के किसान इंटर कॉलेज में पत्रकारों से कहा कि सभी पीड़ितों के लिए संवेदना है सभी के साथ सरकार खड़ी है। बाढ़ से किसानों की फसल चौपट हो गई है, उसका मुआवजा दिया जाएगा। कहा कि अधिकारियों को सर्वे करने के लिए लगा दिया गया है जल जनित बीमारियों की रोकथाम एवं उपचार के लिए पर्याप्त प्रबंध किया गया है। सीएम योगी ने कहा कि लगातार 15 दिनों तक बारिश के कारण नेपाल और पूर्वी उत्तर प्रदेश के 15 से 20 जनपद प्रभावित हुए हैं। इन जिले के लोगों के भविष्य को लेकर सरकार चिंतित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ के कारण कई घर तबाह हो चुके हैं, जिन्हें राहत देने का काम तेजी से शुरू किया गया है। सभी जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को राहत कार्य में लगाया गया है। कहीं कोई कमी नहीं होगी। कहा कि सिर्फ सिद्धार्थनगर के दो सौ गांव के दो लाख की आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई है। सीएम ने कहा कि 400 ग्राम पंचायतों में फसल को भी नुकसान पहुंचा है। बाढ़ राहत व बचाव कार्य की समीक्षा करने व संवेदना व्यक्त करने यहां आया हूं। प्रशासन को सर्वे कर मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं। बताया कि बाढ़ के बाद बीमारी फैलती है, इसके लिए पांच से 12 सितंबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसमें स्वास्थ्य विभाग के साथ नगर विकास, महिला विकास व ग्राम्य विकास विभाग मिलकर सभी बाढ़ पीड़ित परिवार की स्क्रीनिंग करेगा और स्वच्छता, शुद्ध पेयजल व सैनिटाइजेशन की व्यवस्था सुनिश्चित करेगा। बाढ़ में हर परिवार तक क्लोरीन की गोली पहुंचाई जाय। शुद्ध जल की व्यवस्था में कोई कमी न रहने पाए। बाढ़ या बारिश से किसी का मकान ध्वस्त हुआ हो तो 95 हजार रुपये आर्थिक सहायता देने के निर्देश गए हैं। नदी में विलीन घर के मकान मालिक को मुख्यमंत्री आवास योजना से लाभ मिलेगा। उसका बाजार में मुख्यमंत्री 250 बाढ़ पीड़ित परिवार से मिले। उनके बच्चों को पुचकारा और महिलाओं से बातचीत की। एक-एक कर सभी पीड़ितों तक पहुंचे और उनकी बातें सुनीं। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह, सांसद जगदम्बिका पाल, विधायक श्याम धनी राही, विधायक अमर सिंह चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद माधव आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *