बांदीपोरा आतंकी हमला: आंसुओं की एक-एक बूंद का लिया जाएगा बदला: एलजी मनोज सिन्‍हा

जम्मू-कश्मीर। जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने बांदीपोरा आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है। इस हमले में एक पुलिसकर्मी शहीद हो गया और चार अन्य घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि शहीद पुलिस कर्मी के बलिदान को याद रखा जाएगा और उनके परिजनों के आंसुओं की एक-एक बूंद का बदला लिया जाएगा।

उप राज्यपाल मनोज सिन्‍हा ने ट्वीट किया कि हमारे सुरक्षा कर्मियों पर जघन्य आतंकी हमले की कड़ी निंदा करता हूं। मैं जम्मू-कश्मीर पुलिस के शहीद एसपीओ जुबैर अहमद शाह की बहादुरी को सलाम करता हूं। हम उन्हें नहीं भूलेंगे। उनके परिजनों के आंसुओं की एक-एक बूंद का बदला लिया जाएगा।

उपराज्‍यपाल मनोज सिन्हा ने शहीद के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। बता दें कि उत्तरी कश्मीर में निशात पार्क के पास शुक्रवार की शाम आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों के एक गश्ती दल पर ग्रेनेड फेंका, जिससे सुरक्षा बलों के पांच जवान घायल हो गए।
घायल कर्मियों को अस्पताल ले जाया गया। इनमें से एक ने दम तोड़ दिया। सुरक्षा बल इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चला रहे हैं। प्रदेशभर के राजनीतिक दलों ने हमले की निंदा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *