गुजरात व महाराष्‍ट्र में बाढ़ का कहर

नई दिल्‍ली। देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश से जिंदगी अस्त-व्यस्त हो गई है। गुजरात के कई इलाके भीषण बाढ़ की चपेट मे हैं। गुजरात के आठ जिलों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, महाराष्ट्र में भारी बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं। दो बांधों से पानी ओवरफ्लो होने के कारण पूर्णा नदी का जलस्तर बढ़ गया हैं। वहीं मुंबई की ओर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद कर दिया गया है। इसके अलावा डांग और कच्छ में भी दो नेशनल हाईवे बंद करने पड़े हैं।

पीएम मोदी रख रहे हालात पर नजर:-

गुजरात में भारी बारिश और बाढ़ पर पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह लगातार नजर रखे हुए हैं। यह जानकारी गुजरात भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल ने दी। उन्होंने बताया, वायु सेना के दो हेलीकॉप्टरों व एनडीआरएफ की टीम ने आज सुबह से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।

महाराष्ट्र में अब तक 99 लोगों की मौत:-

महाराष्ट्र में भारी बारिश के कारण चार लोगों की मौत हो गई। राज्य आपदा प्रबंधन के मुताबिक, बाढ़ और बारिश के कारण यहां अब तक 99 लोगों की मौत हो गई है। लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए एनडीआरएफ की कुल 14 टीमें और 6 एसडीआरएफ को तैनात किया गया है। अब तक  7,963 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है।

पालघर-पुणे व सतारा में ऑरेंज अलर्ट :-

महाराष्ट्र के पालघर, पुणे व सतारा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, नासिक, कोल्हापुर, अकोला, अमरावती, भंडारा, बुलढाणा, चंद्रपुर, गढ़चिरौली, गोंदिया, नागपुर, वर्धा, वाशिम और यवतमाल में आज येलो अलर्ट जारी किया है।

लोगों को सुरक्षित निकालने के प्रयास जारी- सीएम शिंदे

महाराष्ट्र में बाढ़ के कारण कई लोग फंस गए हैं। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के प्रयास जारी हैं। मैं बारीकी से निगरानी कर रहा हूं। सभी अधिकारी मेरे संपर्क में हैं। सभी डीएम मैदान में हैं। हमारी सरकार लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *