भारत को मिली बड़ी ताकत! पोखरण में ‘ज्वाला MK-1’ का सफल परीक्षण, हवा में ही मार गिराएगी दुश्मन के ड्रोन

Indian Defence: आत्मनिर्भर भारत’ मिशन को बड़ी कामयाबी मिली है. स्वदेशी रक्षा निर्माता कंपनी ‘आईजी डिफेंस’ (IG Defence) ने राजस्थान के पोखरण फायरिंग रेंज में ‘ज्वाला MK-1’ (JWALA MK-1) का सफल परीक्षण किया है. कंपनी के अनुसार, यह भारत का पहला स्वायत्त (ऑटोनॉमस) ‘काउंटर-अनमैन्ड एयरक्राफ्ट सिस्टम’ (CUAS) माइक्रो-मिसाइल सिस्टम है. यह नेक्स्ट जेनरेशन की स्वदेशी काउंटर-ड्रोन तकनीक विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है.

टारगेट साधने के दौरान बदल सकती है दिशा

कंपनी के मुताबिक, इस मिसाइल में प्रोपल्शन और उड़ान के दौरान दिशा बदलने की क्षमता के लिए ‘डुअल-पल्स सॉलिड रॉकेट मोटर’ और ‘एयरोडायनामिक फिन कंट्रोल’ का इस्तेमाल किया गया है.इसमें ‘प्री-फ्रैगमेंटेड हाई-एक्सप्लोसिव वारहेड’ और ‘प्रॉक्सिमिटी फ्यूज’ लगा है. इसकी मदद से, मिसाइल को सीधे लक्ष्य से टकराने की जरूरत नहीं पड़ती, बल्कि यह लक्ष्य के पास पहुंचते ही फट सकती है.

सस्ते ड्रोन बनाम महंगी मिसाइल – खत्म होगा असंतुलन

मानवरहित एरियल सिस्टम का प्रसार आधुनिक सैन्य अभियानों को पूरी तरह से बदल रहा है. हाल के अंतरराष्ट्रीय संघर्षों, जिनमें अमेरिका-ईरान टकराव भी शामिल है, ने सस्ते हमलावर ड्रोनों के बढ़ते इस्तेमाल को उजागर किया है.युद्धक्षेत्र की इस नई वास्तविकता ने लागत का गंभीर असंतुलन पैदा कर दिया है. कम लागत वाले ड्रोन के कारण सेनाओं को कहीं अधिक महंगे इंटरसेप्शन सिस्टम तैनात करने पड़ते हैं. इससे इंटरसेप्टर के भंडार और गोला-बारूद पर भारी दबाव पड़ता है.भारत के लिए, अपनी जटिल सुरक्षा स्थिति और बदलते हवाई खतरों को देखते हुए, किफायती, विस्तार योग्य और स्वदेशी ‘काउंटर-UAS’ तकनीकें विकसित करना एक रणनीतिक आवश्यकता है.

क्या है JWALA MK-1 की खासियत?

  • 5 किलोमीटर तक है इसकी ऑपरेशनल रेंज
  • ड्रोन की पहचान कर हवा में ही मार गिराने की क्षमता
  • स्वदेशी, स्वायत्त और किफायती रक्षा प्रणाली
  • तेजी से बढ़ते ड्रोन हमलों के खतरे से निपटने में सक्षम
  • उड़ान के दौरान दिशा बदलने की क्षमता
  • टारगेट से सीधे टकराने की जरूरत नहीं

इसे भी पढ़ें:-शादी से पहले गांठ बांध लें ये 5 बातें, ससुराल में नहीं होगी कोई दिक्कत, खुशहाल वैवाहिक जीवन के लिए सबसे जरूरी हैं ये टिप्स!