जानें मौसम का हाल…

नई दिल्ली। पश्चिमी विक्षोभ के असर से पहाड़ों पर बर्फबारी का सिलसिला तेज हो सकता है। इसके साथ ही मैदानी भागों में उत्तरी बयार बहने लगेगी। इसके असर से देश के तमाम राज्यों में तापमान में गिरावट आएगी।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से हवाओं की दिशा बदलकर उत्तरी हो जाएगी। ये हवाएं हिमालय के पहाड़ों से होकर आएंगी, इसलिए इनके असर से दिन व रात के तापमान में गिरावट आएगी। इससे सुबह व रात को ठंड बढ़ेगी। अगले दो-तीन दिनों में रात का तापमान तेजी से गिरेगा।

वर्तमान में देश के उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं। इनकी वजह से उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में भारी हिमपात हो रहा है। कुछ मैदानी राज्यों में हल्की बारिश भी हुई है। 16 व 19 नवंबर को भी कमजोर श्रेणी के पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे।

हिमाचल, उत्तराखंड और कश्मीर के पहाड़ बर्फ की सफेद चादर में लिपटे दिखाई देने लगे हैं। अब दिल्ली, हरियाणा, यूपी, बिहार, राजस्थान, मप्र समेत समूचे उत्तर पश्चिमी व उत्तर पूर्वी राज्यों में ठंड बढ़ेगी। सुबह व शाम के समय धुंध भी देखने को मिलेगी। कई राज्यों में न्यूनतम तापमान 10 से 15 डिग्री तक पहुंच सकता है।

बंगाल की खाड़ी में बनेगा कम दबाव का क्षेत्र  : IMD
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। इसके साथ ही आज दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी और उसके पड़ोस के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *