Delhi: लॉरेंस बिश्नोई गैंग में ड्रग्स सिंडिकेट के आरोपों से जुड़ी लेडी डॉन खुशनुमा अंसारी उर्फ नेहा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. नेहा, लॉरेंस बिश्नोई गैंग में गनमैन कहे जाने वाले बॉबी कबूतर की गर्लफ्रेंड है. स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट ने बॉबी कबूतर, उसकी गर्लफ्रेंड नेहा और दो अन्य सहयोगियों, मोहम्मद राजी खान तथा शाहबाज को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई महिपालपुर फ्लाईओवर के पास की गई. पुलिस का कहना है कि नेहा को ड्रग्स के साथ पकड़ा गया और उससे गैंग के ड्रग्स कनेक्शन को लेकर पूछताछ जारी है.
कई चर्चित आपराधिक मामलों में नाम
बॉबी कबूतर का नाम कई चर्चित आपराधिक मामलों में सामने आया है. इनमें पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड, अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर के बाहर फायरिंग की घटना और दिल्ली के नादिर शाह हत्याकांड जैसे मामले शामिल बताए जाते हैं. पुलिस के अनुसार, वह विभिन्न गैंगों को अवैध हथियार उपलब्ध कराने की कड़ी रहा है. बताया जा रहा है कि बॉबी कबूतर लॉरेंश बिश्नोई गैंग को हथियारों की खेप मुहैया करवाता है. बॉबी कबूतर एशिया के एक बड़े आर्म्स सप्लायर और अवैध हथियारों का सबसे बड़ा सौदागर कहे जाने वाले सलीम पिस्टल से हथियार लेता था.
ब्यूटी पार्लर की आड़ में ‘धीमे जहर’ का खेल
गिरफ्तार लेडी डॉन खुशनुमा अंसारी उर्फ नेहा का प्रोफाइल बेहद चौंकाने वाला है. वह दिल्ली में एक ब्यूटी पार्लर चलाती थी जिसकी आड़ में वह लॉरेंस बिश्नोई और हाशिम बाबा गैंग के लिए ड्रग्स की सप्लाई और अवैध वसूली का काम देखती थी. पुलिस के मुताबिक, नेहा केवल बॉबी की पार्टनर नहीं थी बल्कि वह गैंग के ऑपरेशंस और ड्रग्स कनेक्शन की गहरी जानकारी रखती है. वह गैंग के गुर्गों को सुरक्षित ठिकाने मुहैया कराने और बॉबी के नेटवर्क को मैनेज करने में अहम भूमिका निभाती थी. सोशल मीडिया पर इसके वीडियो और फोटो इसकी लग्जरी लाइफस्टाइल और गैंग से जुड़ाव की गवाही देते हैं.
इसे भी पढ़ें:-तेज रफ्तार ब्रेजा कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, साथी गंभीर