अरेस्ट वारंट जारी होने के बाद यूक्रेन पहुंचे रूसी राष्ट्रपति पुतिन

विदेश। रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध को एक वर्ष से ज्यादा का समय हो चुका है। यूक्रेन के कई शहर पूरी तरह से बर्बाद हो चुके हैं। रूस पर दुनियाभर के कई देशों ने कई तरह के प्रतिबंध लगाए हैं। अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (ICC) ने यूक्रेन में युद्ध अपराधों के लिए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट तक जारी कर दिया है। लेकिन इन सबके बावजूद पुतिन पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। रविवार को पुतिन अचानक से यूक्रेन के मारियुपोल शहर पहुंच गए। इस शहर पर रूसी सेना ने पूरी तरह से कब्जा कर रखा है। यूक्रेन के डोनेट्स्क राज्य में पड़ने वाले इस शहर पर पिछले वर्ष मई से ही रूस के कब्‍जे में है।

रिपोर्ट के अनुसार, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पहले क्रीमिया पहुंचे। यहां से हेलीकॉप्टर के जरिए अचानक यूक्रेन के मारियुपोल शहर पहुंच गए। पुतिन ने खुद कार चलाकर मारियुपोल शहर के कई इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से बात भी की। मारियुपोल के समुद्र तट की भी जांच की।

मालूम हो कि अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (ICC) ने यूक्रेन में युद्ध अपराधों के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ शुक्रवार को गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। कोर्ट ने कहा कि पुतिन ने यूक्रेन में युद्ध अपराध किए हैं। वो यूक्रेनी बच्चों के अपहरण और डिपोर्टेशन के अपराध के लिए जिम्मेदार हैं। हालांकि, रूस ने युद्ध अपराधों के आरोपों से इनकार किया है। वारंट पर यूक्रेन की तरफ से भी प्रतिक्रिया दी गई है। यू‍क्रेन ने कहा कि यह तो सिर्फ शुरुआत है। वारंट के बाद अब पुतिन के सामने और भी मुश्किल चुनौतियां आने वाली हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *