1 दिसंबर से शुरू होगा ‘सेवा दूत अभियान’, 25 दिन जनता के बीच रहेंगे बीजेपी के बड़े नेता

Seva Doot Abhiyan: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर बीजेपी पूरे देश में बड़ा अभियान चलाने जा रही है. पार्टी 1 दिसंबर से 25 दिसंबर तक ‘सेवा दूत अभियान’ चलाएगी. इसके तहत बीजेपी के बड़े नेता और कार्यकर्ता 25 दिनों तक सीधे जनता के बीच रहेंगे.इस अभियान का संयोजक बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी को बनाया गया है.

25 दिनों तक विधानसभा में प्रवास करेंगे नेता

‘सेवा दूत अभियान’ के तहत बीजेपी के बड़े नेता अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में 25 दिन तक प्रवास करेंगे. इस दौरान वे गांव, कस्बा और शहरों में जाकर लोगों से सीधा संवाद करेंगे.पार्टी का मकसद है कि जमीनी स्तर पर पता लगाया जाए कि सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंच रहा है या नहीं. नेता जनता के बीच रहकर उनकी समस्याएं और जरूरतें भी समझेंगे.

घर-घर जाएंगे सेवा दूत, बताएंगे योजनाओं का लाभ

इस अभियान में विशेष रूप से नियुक्त ‘सेवा दूत’ अहम भूमिका निभाएंगे. वे विधानसभा, मंडल, गांव और वार्ड स्तर पर जाकर लोगों से मिलेंगे.सेवा दूत घर-घर जाकर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे. साथ ही लोगों को ये भी बताएंगे कि इन योजनाओं का लाभ कैसे लेना है.

जो पात्र हैं लेकिन लाभ से वंचित हैं, उनकी होगी मदद

अभियान का एक बड़ा मकसद उन लोगों की पहचान करना है, जो पात्र होने के बावजूद योजनाओं से वंचित हैं. सेवा दूत ऐसे लोगों को चिन्हित करेंगे और उनका रजिस्ट्रेशन कराने में मदद करेंगे, ताकि उन्हें भी सरकारी योजनाओं का फायदा मिल सके.

जनता की समस्याएं पहुंचेंगी सरकार तक

सेवा दूत और कार्यकर्ता लोगों की स्थानीय समस्याएं और सुझाव भी नोट करेंगे. इन समस्याओं को प्रशासन और सरकार तक पहुंचाया जाएगा. बीजेपी की कोशिश होगी कि लोगों की शिकायतों का समाधान हो और उनके सुझावों पर अमल किया जाए.

चुनावी राज्यों पर खास फोकस

इस अभियान में उन राज्यों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जहां आने वाले समय में चुनाव होने हैं. उत्तर प्रदेश और पंजाब समेत अन्य चुनावी राज्यों में बड़े नेताओं के कार्यक्रम होंगे. बीजेपी इस अभियान के जरिए इन राज्यों में अपनी पकड़ और मजबूत करना चाहती है.

बिहार से महाराष्ट्र तक तेज हुई तैयारियां

अभियान को सफल बनाने के लिए कई राज्यों में कार्यशालाएं हो चुकी हैं. बिहार, जम्मू-कश्मीर, छत्तीसगढ़, राजस्थान और महाराष्ट्र में तैयारियां तेज हैं.जम्मू-कश्मीर में सेवा दूतों को उनके गृह जिले से अलग विधानसभा में तैनात किया जाएगा. हर मंडल में उन्हें कम से कम 5 दिन बिताने होंगे, ताकि वे स्थानीय लोगों की समस्याएं अच्छे से समझ सकें.

इसे भी पढ़ें:-रोहतक में खूनी गैंगवार, मिलन ढाबे पर 50 राउंड फायरिंग, 4 युवकों की मौत