यूपी-बिहार समेत 22 राज्यों में आंधी-बारिश की चेतावनी, 70 की स्पीड से चलेगी हवाएं

Today’s Weather: देश के कई राज्यों में एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. भारत मौसम विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में आंधी-तूफान, बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है. दो पश्चिमी विक्षोभों के सक्रिय होने के कारण उत्तर भारत समेत पूर्वोत्तर और मध्य भारत के 22 राज्यों में मौसम बदलने वाला है. हालांकि मौसम विभाग संभावना व्यक्त की है कि उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों तक तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है लेकिन इसके बाद फिर धीरे-धीरे तापमान में गिरावट आएगी.

दिल्ली-NCR के मौसम में बदलाव

दिल्ली-NCR में बढ़ते तापमान पर अब ब्रेक लगने वाला है. 26 मार्च की दोपहर या शाम तक हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है. राजधानी में 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि 29 और 30 मार्च को यह रफ्तार 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. बारिश का यह सिलसिला 30 मार्च तक जारी रहने के आसार हैं.

उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश की चेतावनी

पश्चिमी विक्षोभों के सक्रिय होने के कारण उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश के साथ ओले गिरने का अलर्ट जारी किया गया है. 27 मार्च को गरज-चमक के साथ ही झमाझम बारिश होने की संभावना है. वहीं 29 मार्च से लेकर 31 मार्च तक राज्य के कई हिस्सों में झमामझ बारिश होने के आसार हैं. इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

बिहार का मौसम

उत्तर भारत के राज्यों में बिहार पर पश्चिमी विक्षोभ का सबसे ज्यादा असर पड़ता दिख रहा है. राज्य में 27 मार्च को तेज बारिश के साथ ओले गिरने और आंधी आने की चेतावनी जारी की गई है. 28 मार्च को भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने किसानों को खास सलाह दी है कि वे अपनी फसलों को ओलावृष्टि से बचाने के लिए हेल नेट का इस्तेमाल करें.

मध्य और दक्षिण भारत में भी असर

छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और विदर्भ क्षेत्र में हल्की बारिश के साथ आंधी-तूफान के आसार हैं. दक्षिण भारत के तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और केरल में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं, तटीय महाराष्ट्र और केरल में 25 से 27 मार्च के दौरान गर्म और उमस भरा मौसम बना रह सकता है.

पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में भारी बारिश

मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 25 से 29 मार्च के बीच व्यापक वर्षा, बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है. वहीं, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है.

हिमालयी क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी

IMD के मुताबिक, 27 मार्च तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है. वहीं, उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों में 31 मार्च तक रुक-रुक कर वर्षा होने के आसार हैं.

इसे भी पढ़ें:-संग्रह और परिग्रह में ही रचे-पचे को कहते हैं जरासंध: दिव्य मोरारी बापू

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *