Weather news: पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ले ली है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार इस सप्ताह दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेंगे, जिससे बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना बढ़ गई है. IMD के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 3, 4 और 7 अप्रैल को इनका असर सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा. खास तौर पर 3 और 4 अप्रैल को उत्तर भारत के कई इलाकों में ओलावृष्टि हो सकती है, जबकि कश्मीर घाटी में भारी बारिश के आसार हैं.
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली और आसपास के इलाकों में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा. IMD के अनुसार, दोपहर तक बादल छाए रहेंगे. शाम को हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. वहीं 4-5 अप्रैल को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी.
यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश में सुबह से ही तेज हवाएं चल रही हैं. मौसम विभाग के अनुसार, 4 और 5 अप्रैल को राज्य के कई हिस्सों में आंधी-तूफान की संभावना व्यक्त की है. इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती है. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. इस दौरान ओलावृष्टि की भी संभावना है. खासकर पश्चिमी और पूर्वी यूपी के अलग-अलग इलाकों में.
राजस्थान में आज कैसा रहेगा मौसम
जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राजस्थान में एक मजबूत मौसम प्रणाली सक्रिय है, जिससे 4 अप्रैल तक राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश और छिटपुट ओलावृष्टि हो सकती है. पिछले 24 घंटों में मौसम काफी हद तक साफ रहा. इस प्रणाली का प्रभाव 5 अप्रैल से कम होने की उम्मीद है, जिसके बाद पूरे राजस्थान में मौसम साफ होने की संभावना है.
बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम
भारत मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में 5 से 8 अप्रैल के बीच मौसम खराब रह सकता है. इस दौरान गरज-चमक के साथ आंधी-बारिश की संभावना है. साथ ही 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी. कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की भी संभावना है.
इसे भी पढ़ें:-Gold Price Today: सोने-चांदी की कीमतों में आई गिरावट, जानिए आज का ताजा रेट