पूरे देश में तेज रफ्तार के साथ आगे बढ़ रहा है टीकाकरण अभियान…

नई दिल्ली। कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ टीकाकरण अभियान पूरे देश में तेज रफ्तार के साथ आगे बढ़ रहा है। वहीं इस रफ्तार को और तेज करने की तैयारियां भी की जा रही हैं। इसी के तहत केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने नई दिल्ली में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ एक बैठक की। इस बैठक में कोविड-19 टीकाकरण अभियान के दायरे को और विस्तृत करने की योजना पर चर्चा की गई। वहीं कोरोना वायरस के खिलाफ टीकाकरण अभियान को लेकर स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि भारत में 77 फीसदी पात्र आबादी को टीके की पहली खुराक लगाई जा चुकी है। 32 फीसदी लोगों को दोनों खुराकें लग चुकी हैं। उन्होंने कहा कि 10 करोड़ से अधिक लोगों ने दूसरी खुराक नहीं ली है। जो लोग दूसरी खुराक के पात्र हैं उन्हें इसे लगवाना चाहिए। स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि हम एक मेगा टीकाकरण अभियान ‘हर घर दस्तक’ की शुरुआत करने जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस अभियान तक अगरे एक महीने के लिए स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाएंगे और दूसरी खुराक के लिए पात्र लोगों का टीकाकरण करेंगे। इस अभियान के तहत उन लोगों का टीकाकरण भी किया जाएगा, जिन्होंने अभी तक एक भी खुराक नहीं ली है। मंडाविया ने कहा कि 48 ऐसे जिलों की पहचान की गई है जहां 50 फीसदी से कम पात्र आबादी का टीकाकरण हुआ है। इस तरह के जिलों में अभियान के दौरान विशेष ध्यान दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *