Manipur: मणिपुर में शुक्रवार देर रात विधायक और राज्य सरकार के प्रवक्ता सपाम रंजन सिंह के घर के पास जोरदार बम विस्फोट हुआ. इंफाल वेस्ट जिले के कोंथौजम मयाई लीकाई में रात करीब 1:30 बजे हुए धमाके से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में विधायक समेत उनके परिवार का कोई सदस्य घायल नहीं हुआ.
विधायक रंजन सिंह के अनुसार, उन्हें पहले कभी किसी तरह की धमकी नहीं मिली थी और न ही उनकी किसी से कोई निजी दुश्मनी है. ऐसे में आधी रात हुए इस हमले के पीछे की वजह को लेकर जांच एजेंसियां पड़ताल में जुट गई हैं.
प्रवक्ता ने कहा कि देर रात एक जोरदार धमाका सुनाई दिया, जिससे उनके घर में दहशत फैल गई. उन्होंने कहा कि मुझे पहले से कोई धमकी नहीं मिली थी और मेरी किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं है. यह घटना बेहद चिंताजनक है.
यह घटना अत्यधिक भीड़भाड़ वाले कोंथौजम मयाई लीकाई आवासीय क्षेत्र में हुई. घनी आबादी वाले इलाके में विस्फोटकों के इस्तेमाल से आम नागरिकों को होने वाले संभावित खतरे को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं.
इसे भी पढ़ें:-1 सितंबर से 15 अक्टूबर तक कई ट्रेनें रद्द, चेक करें लिस्ट