Sports: महेंद्र सिंह धोनी के आईपीएल करियर पर विराम लगने के बाद क्रिकेट जगत से उन्हें बधाइयां मिल रही हैं। इस बीच टीम इंडिया के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने भी उनके लिए एक खास संदेश साझा किया है। मंगलवार को आईपीएल से संन्यास लेने वाले धोनी को रोहित ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए शानदार सफर की बधाई दी। दोनों दिग्गजों के बीच मैदान पर लंबे समय तक साथ खेलने और बिताए पलों का जिक्र भी उनके संदेश में देखने को मिला।
रोहित ने अपनी पोस्ट में लिखा कि धोनी भाई, शानदार आईपीएल करियर के लिए बधाई। इतने सालों तक आपके साथ मैदान पर खेलना और ढेर सारी यादें बनाना काफी शानदार रहा। आपके लिए बहुत सम्मान। रोहित का यह संदेश सामने आने के बाद फैंस को दोनों दिग्गज कप्तानों के बीच का खास रिश्ता याद आ गया।
IPL के दो सबसे सफल कप्तान, दोनों के नाम 5-5 खिताब
महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा सफल कप्तानों में शामिल रहे हैं। धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने पांच बार ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि रोहित शर्मा के नेतृत्व में मुंबई इंडियंस (MI) भी पांच बार चैंपियन बनी।
दोनों टीमों के बीच मुकाबले हमेशा से आईपीएल के सबसे चर्चित मैचों में गिने जाते रहे हैं। इनके बीच कई यादगार फाइनल और रोमांचक भिड़ंत देखने को मिली हैं। मैदान पर दोनों फ्रेंचाइजी के बीच कड़ी प्रतिद्वंद्विता रही, लेकिन इसके बावजूद धोनी और रोहित के बीच आपसी सम्मान की झलक कई मौकों पर दिखाई दी।