कुएं की जहरीली गैस ने ली पिता-पुत्र समेत 4 लोगों की जान, शव निकालने उतरा जवान भी बेहोश

Bihar: बिहार के गया जिले से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां डोभी प्रखंड के गढ़ करमौनी गांव में एक कुआं के अंदर जहरीली गैस की चपेट में आने से चार लोगों की दम घुटने से मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. इसके बाद राहत बचाव का कार्य शुरू हुआ. करीब 45 मिनट तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला.

कुएं का मोटर ठीक करते समय हुआ हादसा

यह हादसा उस समय हुआ जब एक ग्रामीण कुएं में उतर कर मोटर को ठीक करने का प्रयास कर रहा था. जहरीली गैस के प्रभाव से उसकी तबीयत बिगड़ने लगी. वह पानी में छटपटाने लगा. पिता को परेशानी में देख उसका बेटा भी उसे बचाने के लिए कुएं में जा उतरा. इसके बाद दो अन्य लोग भी पिता-पुत्र को बचाने के प्रयास में कुएं में उतर गए. कुछ ही देर में चारों की हालत गंभीर हो गई और उनकी मौत हो गई.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचा प्रशासन

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र  हो गई. स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. कुछ ही देर में स्थानीय प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कराया. कुएं से शवों को बाहर निकालने के लिए अग्निशमन विभाग की टीम को बुलाया गया. जहरीली गैस का असर इतना तेज था कि रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान फायर ब्रिगेड का कर्मी भी बेहोश हो गया. इलाज के लिए उसे अस्पताल ले जाया गया. काफी मशक्कत के बाद कुएं से सभी शवों को बाहर निकाला गया. पुलिस ने शवों को को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना की जांच में जुटी हैं.

इसे भी पढ़ें:-भारत-श्रीलंका का पहला टेस्ट कल, जानें कितने बजे शुरु होगा मैच

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *