बिहार में भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने ऑटो को रौंदा, 9 महीने के मासूम समेत 4 की मौत, पिता-बेटी घायल

Bihar: बिहार के सारण जिले से दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है. मंगलवार देर रात छपरा-मुजफ्फरपुर NH-722 पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने सवारी से भरे ऑटो को रौंद दिया. इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के मां और 9 महीने के मासूम समेत 4 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि पिता और 2 साल की बेटी गंभीर रूप से घायल हैं.

शादी से लौटते वक्त हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, विशाल कुमार का परिवार लुधियाना में एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहा था. देर रात छपरा जंक्शन पर ट्रेन से उतरने के बाद परिवार ऑटो से अपने गांव कटरा जा रहा था. जैसे ही ऑटो गड़खा थाना क्षेत्र के भैंसमारा के पास पहुंचा, सामने से आ रहे बेकाबू ट्रक ने उसे टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो पूरी तरह चकनाचूर हो गया.

हादसे में 4 की मौत

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी. विशाल कुमार की 21 वर्षीय पत्नी अनु कुमारी, 9 महीने के बेटे ऋषभ और ऑटो चालक आशीष कुमार की मौके पर मौत हो गई, जबकि भगवान बाजार थाना के कटरा गांव निवासी अमन कुमार (20 वर्ष) पुत्र भोला प्रसाद ने अस्पताल में दम तोड़ दिया.

पिता और 2 साल की बेटी जिंदगी से जंग लड़ रहे

हादसे में विशाल कुमार और उनकी 2 वर्षीय बेटी आदिति गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों को पहले छपरा सदर अस्पताल ले जाया गया, हालत गंभीर होने पर हाजीपुर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.

पुलिस कर रही जांच

गड़खा थाना पुलिस ने बताया कि सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. ट्रक चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया. ट्रक को जब्त कर लिया गया है और चालक की तलाश जारी है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

इसे भी पढ़ें:-दिवाली से पहले किसानों को बड़ा तोहफा, 1.5 करोड़ किसानों को मिलेंगे 5000 रुपये

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *