16 जून से खुलेंगे स्कूल, छत्तीसगढ़ के शिक्षा विभाग ने जारी किया आदेश, प्रवेश उत्सव की तैयारी शुरू

Chhattisgarh: प्रदेश में नए स्कूली शिक्षा सत्र की शुरुआत 16 जून से होगी। इस अवसर पर राज्यभर में शाला प्रवेश उत्सव आयोजित किया जाएगा। इस बारे में शिक्षा विभाग ने आधिकारिक आदेश जारी किया है। इसके अनुसार छत्तीसगढ़ में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत 16 जून 2026 से होगी। लोक शिक्षण संचालनालय ने इस संबंध में स्पष्ट आदेश जारी कर कहा है कि सभी सरकारी, अनुदान प्राप्त और प्राइवेट स्कूलों में 16 तारीख से कक्षाएं शुरू होंगी।

शिक्षकों की ऑनलाइन हाजिरी अनिवार्य

16 जून से सभी सरकारी स्कूलों के शिक्षक और कर्मचारी ऑनलाइन उपस्थिति और ऑनलाइन अवकाश आवेदन प्रणाली का पालन करेंगे। अनुपालन न करने पर जून महीने का वेतन रोका जा सकता है। स्कूलों में प्रवेश उत्सव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। स्कूल भवनों की मरम्मत, साफ-सफाई, रंग-रोगन और बुनियादी सुविधाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। छात्रों को स्वच्छ और आरामदायक वातावरण उपलब्ध कराने पर सरकार का जोर है।

गर्मी के कारण आगे बढ़ सकती थी तारीख

शिक्षा विभाग का कहना है कि नए सत्र की शुरुआत व्यवस्थित और उत्साहजनक तरीके से हो, ताकि बच्चे नियमित रूप से स्कूल आने लगें और अधिक से अधिक दाखिले हो सकें। भीषण गर्मी को देखते हुए कुछ दिनों पहले शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने संकेत दिए थे कि छत्तीसगढ़ में इस साल 1 जुलाई से स्कूल खुल सकते हैं। शाला प्रवेश उत्सव भी इस तारीख तक टालने के संकेत दिए थे, लेकिन विभाग ने अब 16 जून वाला आदेश जारी कर दिया है।

विद्यार्थियों की सुरक्षा पर विशेष जोर

पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने स्कूल बसों की नियमित जांच, चालकों की निगरानी, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और स्कूलों में नशामुक्ति अभियान चलाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *