रायपुर में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, पत्नी और दो मासूम बच्चों की हत्या,पति ने भी किया आत्महत्या का प्रयास

Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ से दहशत फैलाने वाली खबर सामने आई है। ट्रिपल मर्डर से राजधानी रायपुर दहल उठी। बता दें कि एक पति ने कथित तौर पर चरित्र शंका के चलते अपनी पत्नी और दो नाबालिग बच्चों पर चाकू से वार कर कत्ल कर दिया। घटना के बाद आरोपी ने खुद पर चाकू से हमला कर आत्महत्या का प्रयास किया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की टीम

जानकारी के मुताबिक ट्रिपल मर्डर की यह वारदात माना थाना क्षेत्र में हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल आरोपी को हिरासत में लेकर इलाज के लिए अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका उपचार चल रहा है। चर्चा है कि चरित्र शंका को लेकर यह घटना हुई।

मृतकों में ये लोग हैं शामिल

पुलिस के अनुसार, बालोद निवासी भुनेश्वर साहू अपने परिवार के साथ साहूपारा में किराए के मकान में रह रहा था। बताया जा रहा है कि देर रात विवाद के बाद उसने पहले अपनी पत्नी खिलेश्वरी साहू पर चाकू से हमला किया। इसके बाद उसने अपने दो बच्चों आशीष साहू (10 वर्ष) और ज्ञान साहू (8 वर्ष) पर भी चाकू से वार किया। गंभीर रूप से घायल होने से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी और दोनों बच्चों की हत्या के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से हमला कर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने बताया कि पड़ोसियों और आसपास के लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था और किन परिस्थितियों में आरोपी ने पत्नी और दोनों बच्चों पर हमला किया। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *