Vadodara: गुजरात के वडोदरा-जरोद रोड पर बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसा कोटंबी गांव के पास हाईवे पर हुआ, जब तेज रफ्तार लग्जरी बस आगे चल रहे ट्रक में जा भिड़ी. इस दर्दनाक हादसे में 6 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 28 से ज्यादा यात्री घायल हुए हैं. उनको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं मृतकों की संख्या और भी बढ़ सकती है.
जानकारी के मुताबिक, राजस्थान के बांसवाड़ा से सूरत जा रही बालाजी ट्रैवल्स की लग्जरी बस ने सड़क पर आगे खड़े एक ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री बस के अंदर फंस गए. घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और राहत-बचाव कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया.
रेस्क्यू टीम ने घायलों को तत्काल रूप से SSG अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया है. पुलिस ने जानकारी दी है कि सूरत जा रही यह बस बालाजी ट्रैवल्स की लग्जरी बस थी. बस के ड्राइवर ने आगे खड़े ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी. घटना की सूचना मिलते ही SDRF, NDRF और वडोदरा फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं और यात्रियों को बाहर निकालने का बचाव अभियान शुरू किया.
अभी तक यह पता नहीं चला है कि यह हादसा कैसे हुआ? क्या इसमें ड्राइवर की लापरवाही थी या फिर बस में कोई तकनीकी दिक्कत, पुलिस दोनों एंगल से जांच कर रही है.