Jammu: जम्मू के आर एस पुरा इलाके में बने जुवेनाइल ऑब्जर्वेशन होम से सोमवार शाम बड़ा मामला सामने आया. यहां बंद 3 नाबालिगों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया और उसके बाद वहां से फरार हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है.
शाम सवा 5 बजे हुआ हमला
जम्मू पुलिस के मुताबिक, यह घटना सोमवार शाम करीब 5:15 बजे की है. तीनों कैदियों ने ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों, विनय कुमार और प्रवीण कुमार पर अचानक हमला कर दिया. रिपोर्ट के अनुसार, कैदियों ने पुलिसवालों के सिर पर पिस्टल की बट से वार किया और फायरिंग करते हुए वहां से भाग निकले. घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत इलाज के लिए पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए जीएमसी अस्पताल रेफर कर दिया गया है.
दो पाकिस्तानी नागरिक भी शामिल
जम्मू पुलिस के अनुसार फरार हुए तीनों नाबालिगों में दो पाकिस्तानी नागरिक हैं. उनकी पहचान पंजाब के एहसान अनवर और मुजफ्फराबाद के मोहम्मद सुना-उल्लाह के रूप में हुई है.
तीसरा आरोपी करनजीत सिंह उर्फ गुग्गा बताया जा रहा है, जो आरएसपुरा के दबलेहर इलाके का रहने वाला है. पुलिस के मुताबिक ये तीनों एक मामले में जुवेनाइल होम में बंद थे.
CCTV में कैद हुई वारदात
इस पूरी घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. इसमें साफ दिख रहा है कि एक कैदी हाथ में पिस्टल लेकर उसे लोड कर रहा है और गोलियां चला रहा है. अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर कड़ी सुरक्षा वाले इस सुधार गृह के अंदर कैदियों के पास पिस्टल कहां से आई और उन्हें यह हथियार किसने पहुंचाया? पुलिस अब इस ‘सिक्योरिटी लैप्स’ की गहराई से जांच कर रही है.
पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी
पुलिस रिपोर्ट्स के अनुसार, इस घटना के बाद जम्मू संभाग में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है. शहर से बाहर जाने वाले सभी रास्तों पर नाकेबंदी कर दी गई है और हर गाड़ी की तलाशी ली जा रही है. पुलिस की स्पेशल टीमें बनाई गई हैं जो अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही हैं ताकि इन भगोड़ों को बॉर्डर तक पहुंचने से पहले ही पकड़ा जा सके.
इसे भी पढ़ें:-प्लास्टिक के कप में पीते हैं चाय, तो हो जाएं सावधान, जानलेवा बीमारी को देते है निमंत्रण