Jammu: जम्मू-कश्मीर के रेल इतिहास में वीरवार को एक नया अध्याय जुड़ गया. जम्मू तवी से श्रीनगर के बीच पहली बार अत्याधुनिक वंदे भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ हुआ. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जम्मू तवी रेलवे स्टेशन से झंडी दिखाकर इस उद्घाटन विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस मौके पर जम्मू के सांसद जुगल किशोर शर्मा व राज्यसभा सदस्य सत शर्मा व गुलाम अली खटाना के अलावा जम्मू के गणमान्य शहरी भी मौजूद रहे.
विकास की नई रफ्तार
उद्घाटन समारोह के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी मौजूद रहे. ट्रेन को रवाना करते हुए रेल मंत्री ने कहा कि यह केवल एक ट्रेन नहीं, बल्कि कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला एक मजबूत सेतु है. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप भारतीय रेलवे दुर्गम पहाड़ियों को चीरते हुए कश्मीर की वादियों तक आधुनिक रेल सुविधा पहुंचाने में सफल रही है.
5 घंटे में पूरा होगा सफर
इस विस्तार के बाद अब जम्मू से श्रीनगर के बीच का सफर बेहद आसान और तेज हो गया है. सड़क मार्ग से जहां जम्मू से श्रीनगर पहुंचने में 10 से 12 घंटे का समय लगता था, वहीं वंदे भारत एक्सप्रेस इस दूरी को मात्र 5 घंटे में तय करेगी. यह ट्रेन करीब 267 किलोमीटर का सफर तय करेगी, जिससे न केवल समय की बचत होगी बल्कि यात्रियों को विश्वस्तरीय आरामदायक यात्रा का एक्सपीरिएंस भी मिलेगा.
ट्रेन की खासियतें
इस रूट पर चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को विशेष रूप से जम्मू-कश्मीर के सर्द मौसम और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है. पहले इस मार्ग पर 8 कोच वाली ट्रेन चलती थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 20 कोच का कर दिया गया है, जिससे अधिक यात्री सफर कर सकेंगे. ट्रेन में कवच एंटी-कोलिजन सिस्टम, जीपीएस आधारित सूचना प्रणाली और 180 डिग्री घूमने वाली कुर्सियां लगी हैं.
पर्यटन और अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
इस ट्रेन के शुरू होने से जम्मू-कश्मीर के पर्यटन को जबरदस्त गति मिलने की उम्मीद है. अब देश-विदेश से आने वाले पर्यटक सीधे जम्मू रेलवे स्टेशन पर उतरकर वंदे भारत के जरिए श्रीनगर की वादियों तक पहुंच सकेंगे. नियमित यात्रियों के लिए इस ट्रेन की सेवाएं 2 मई से शुरू होंगी और यह सप्ताह में 6 दिन (मंगलवार को छोड़कर) संचालित की जाएगी.
इसे भी पढ़ें:-दिल्ली-NCR समेत 10 राज्यों में झमाझम बारिश, 60 की स्पीड से चलेगी हवा