MP News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रविवार तड़के करीब 1:30 बजे धान से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक बेकाबू होकर श्रद्धालुओं की भीड़ में घुस गया। हादसे में 13 लोगों की जान चली गई, जबकि 33 से ज्यादा लोग घायल हैं। घायलों में महिलाएं, बच्चे और ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
बैरिकेड तोड़कर मंदिर की दीवार से टकराया ट्रक
पुलिस के मुताबिक हादसा छिनौर रोड पर हुआ, जहां खड़ी ढलान होने के कारण भारी वाहनों की एंट्री पर रोक लगी थी। नवरात्रि के चलते यहां बैरिकेड और पुलिस चेकपोस्ट लगाया गया था।SSP धर्मवीर सिंह ने बताया – “धान से लदा ट्रक चेकपोस्ट पर रोका गया था, लेकिन उसने बैरिकेड तोड़ दिए और ढलान पर उतरते ही बेकाबू हो गया। नीचे सड़क पर मौजूद श्रद्धालुओं को रौंदता हुआ ट्रक सीधा मंदिर की बाहरी दीवार और गेट से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि दीवार का हिस्सा गिर गया।”शुरुआती खबर में 40-50 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई गई थी, जिसके बाद राहत दल ने तुरंत रेस्क्यू शुरू किया।
आधी रात को मची चीख-पुकार
एक चश्मदीद ने बताया, “रात करीब 1 बजे ट्रक अचानक आया। वो ओवरलोड था और कई दुकानों को कुचलते हुए लोगों पर चढ़ गया। मेरा भाई भी घायल हो गया।” हादसे के बाद पूरे इलाके में लोग अपने परिजनों को ढूंढते नजर आए।
अस्पताल में अफरा-तफरी
सभी घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। एक साथ 39 लोगों के पहुंचने से अस्पताल में हड़कंप मच गया। डॉक्टर सुधीर सक्सेना ने बताया कि 13 मौतों की पुष्टि हुई है, 5-6 की हालत नाजुक है और बाकियों का इलाज चल रहा है। घायलों के CT स्कैन और X-रे कराए जा रहे हैं।