भारत के लिए आई गुड न्यूज, 15 हजार टन LPG गैस लेकर मुंबई पहुंचा जहाज

Green Asha vessel: पश्चिमी एशिया में जारी संघर्ष के बीच भारत के लिए बढ़िया खबर सामने आई है. गुरुवार, 9 अप्रैल 2026 को 15,400 टन एलपीजी की जहाज नवी मुंबई के पोर्ट पर सफलतापूर्वक पहुंच चुका है. जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह प्राधिकरण ने गुरुवार को बताया कि 15400 टन एलपीजी से लदे भारतीय ध्वजाकार जहाज का उसने स्वागत किया. इस टैंकर ने छह अप्रैल को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार किया था. इस टैंकर का नाम ग्रीन आशा है.

जेएनपीए ने किया टैंकर का स्वागत

जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह प्राधिकरण के अनुसार ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच चल रहे युद्ध के बीच भारतीय टैंकर का स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से सुरक्षित निकलना बड़ी बात है. ईरान में युद्ध शुरू होने के बाद यह पहला टैंकर है, जो एलपीजी सप्लाई लेकर इस बंदरगाह तक पहुंचा है. एक विज्ञप्ति में जेएनपीए ने कहा, “जेएनपीए ने गर्व से ग्रीन आशा का स्वागत किया. यह भारतीय ध्वजाकार एलपीजी जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य को सफलतापूर्वक पार कर चुका है और बीपीसीएल-आईओसीएल द्वारा संचालित जेएनपीए के तरल बर्थ पर लंगर डाला है.”

सुरक्षित हैं कर्मचारी और जरूरी सामान

इस पूरे मिशन की सबसे अच्छी बात यह रही कि जहाज पर मौजूद चालक दल (क्रू) के सभी सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं. जहाज में लदी 15,400 टन एलपीजी और खुद जहाज को भी कोई नुकसान नहीं पहुंचा है. पोर्ट अथॉरिटी ने अपने बयान में कहा है कि ग्रीन आशा का सुरक्षित आना यह दिखाता है कि मुश्किल अंतरराष्ट्रीय हालातों और लड़ाई के बावजूद भारत अपनी समुद्री ताकत के दम पर देश के लिए जरूरी चीजों की सप्लाई जारी रखने में सक्षम है. यह जहाज भारत में रसोई गैस की कमी न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए बहुत महत्वपूर्ण था.

क्यों खास है यह पोर्ट और समुद्री रास्ता

नवा शेवा पोर्ट (Nhava Sheva Port) के नाम से मशहूर यह बंदरगाह भारत की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में बहुत बड़ा रोल निभाता है. यहां से पूरे देश में गैस और तेल की सप्लाई की जाती है.

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज वह समुद्री रास्ता है जहां से दुनिया का एक बड़ा हिस्सा अपनी तेल और गैस की जरूरतें पूरी करता है, लेकिन ईरान और इजरायल के बीच चल रहे संघर्ष ने इस रास्ते को जोखिम भरा बना दिया है. ऐसे में भारतीय तिरंगे वाले जहाज का वहां से सुरक्षित निकल आना यह भरोसा दिलाता है कि भविष्य में भी भारत अपनी ऊर्जा सप्लाई को इसी तरह बरकरार रखेगा.

इसे भी पढ़ें:-कुंभ-2027 की तैयारियों को मिली रफ्तार, CM धामी ने 1200 करोड़ की राशि को दी मंजूरी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *