Maharashtra: महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक महत्वपूर्ण अभियान के तहत पुणे शहर, पुणे ग्रामीण और पिंपरी-चिंचवड़ क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है. पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और उसके कथित नेटवर्क से जुड़े 66 लोगों की पहचान कर उनसे पूछताछ की गई. पूछताछ के बाद सभी युवकों को छोड़ दिया गया है, लेकिन उनके मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को आगे की फॉरेंसिक जांच के लिए जब्त कर लिया गया है.
ATS अधिकारियों के अनुसार, सोशल मीडिया हैंडल्स के जरिये ये युवक पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े थे. लाइक, कमेंट और प्रतिक्रिया जैसी गतिविधियों के आधार पर वे एजेंसी के रडार पर आए. सबसे ज्यादा 33 युवक पुणे शहर के कोथरूड, येरवडा, पर्वती, विश्रांतवाड़ी, फरासखाना और कोंढवा इलाकों के हैं. बाकी युवक पिंपरी-चिंचवड़ और पुणे ग्रामीण क्षेत्र से हैं.
जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े हर पहलू की गहन जांच कर रही हैं.
इसे भी पढ़े:-नोएडा में पांच मंजिले मकान में लगी भीषण आग, 50 परिवार फंसे; दो लोगों की मौत