Punjab: पंजाब के तरनतारन जिले में भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने बड़ी कार्रवाई की है. बीती रात खेमकरण सेक्टर में नेशनल बॉर्डर पार करके हेरोइन स्मगल करने की कोशिश कर रहे एक अनजान पाकिस्तानी घुसपैठिए को जवानों ने गोली मार दी। BSF की मुस्तैदी के कारण उसकी कोशिश नाकाम हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा एजेंसियों ने सर्च ऑपरेशन भी चलाया. फिलहाल मामले की जांच जारी है.
कंटीली तार के पास हुई फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, खेमकरण के बॉर्डर इलाके में बॉर्डर पोस्ट कालिया और नूर वाला के बीच यह घटना हुई. यहां BSF की 142 बटालियन के जवान गश्त कर रहे थे. इसी दौरान उन्हें नेशनल बॉर्डर पार करके कंटीली तार के पास एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया. जवानों ने उसे रुकने की चेतावनी दी, लेकिन वह नहीं माना और आगे बढ़ने लगा. इसके बाद BSF जवानों ने फायरिंग की, जिसमें वह पाकिस्तानी घुसपैठिया मौके पर ही ढेर हो गया. माना जा रहा है कि वह हेरोइन की खेप लेकर भारतीय सीमा में दाखिल होने की कोशिश कर रहा था.
संदिग्ध चीजें बरामद
शव के पास से कुछ संदिग्ध चीजें भी मिली हैं, जबकि फायरिंग में कुछ और पाकिस्तानी स्मगलर फरार बताए जा रहे हैं। फिलहाल, संबंधित थाना वल्टोहा की पुलिस ने केस दर्ज करके बॉडी को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पट्टी के सिविल हॉस्पिटल के मुर्दाघर में रखवा दिया है। BSF और पुलिस जांच में जुट गई है।
इसे भी पढ़ें:-गुरुग्राम में दर्दनाक हादसा, खुदाई के दौरान ढही दीवार, मलबे में दबकर 7 मजदूरों की मौत