Bareilly: बरेली में संजय सक्सेना की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. रामगंगा पुल के पास पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें मुख्य आरोपी राजेश गुर्जर के बाएं पैर में गोली लग गई. पुलिस ने उसे घायल हालत में गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया.पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान राजेश गुर्जर के पास से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है.
इसी मामले में तीन अन्य आरोपियों – कृष्णा गोस्वामी, राहुल तेली और धीरज गुर्जर को भी गिरफ्तार किया गया है. पुलिस अब चारों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है. इस हत्याकांड में अब तक कुल 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है.
मेले से लौटते समय हुआ था हमला
यह वारदात 22 अक्टूबर की रात की है. सुभाषनगर के शांति विहार कॉलोनी निवासी संजय सक्सेना अपने दोस्त मोनू के साथ बाइक से मेला देखकर घर लौट रहे थे. आरोप है कि होली चौक के पास कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और कहासुनी के बाद लाठी-डंडों से हमला कर दिया.घायल संजय को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. संजय की बहन साक्षी की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया था.
पुरानी रंजिश में हत्या
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी रंजिश को वजह बताया है. संजय का पहले भी कुछ आरोपियों से झगड़ा हुआ था. पुलिस का कहना है कि पहले 4 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका था, अब 4 और की गिरफ्तारी से कुल संख्या 8 हो गई है. उधर, संजय की पत्नी ने आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की थी.
इसे भी पढ़ें:-यूपी में RO ARO के 501 पदों पर निकली भर्ती, आज से आवेदन शुरू, जानें योग्यता और फीस