Chandauli: चंदौली पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 3 करोड़ 92 लाख रुपये कीमत का सोना बरामद किया है. पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. बरामद पीली धातु का कुल वज़न 2 किलो 565 ग्राम बताया गया है. कार्रवाई के दौरान तस्करी में प्रयुक्त कार और पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए गए. इस बरामदगी के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई.
चेकिंग के दौरान हुई गिरफ्तारी
चन्दौली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की KIA Carens कार से दो लोग बिहार की तरफ से सोना लेकर दिल्ली की ओर जा रहे हैं. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नवही पुलिया हाईवे पर वाहनों की चेकिंग शुरू की. इसी दौरान संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन भगाकर निकलने की कोशिश की. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कॉम्बिंग कर कार को रोक लिया.
कोतवाली प्रभारी बिंदेश्वरी पांडेय के मुताबिक
कार को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें से 2 किलो 565.72 ग्राम सोना बरामद हुआ. कार सवार लोगों से सोने से संबंधित कागजात मांगे गए, लेकिन वे उन्हें प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद दोनों को अरेस्ट कर लिया गया.
संबंधित विभाग को सौंपा गया बरामद सोना
पांडेय ने बताया कि बरामद सोने की कीमत तीन करोड़ 92 लाख रुपए आंकी गई है. उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से 5 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं. उन्होंने बताया कि सोने की बरामदगी की सूचना आयकर विभाग और राजस्व खुफिया निदेशालय के अधिकारियों को दे दी गई है. बरामद सोना संबंधित विभाग को सौंपने के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है.
इसे भी पढ़ें:-रोहित-विराट का वर्ल्ड कप 2027 खेलना तय या नहीं? BCCI उपाध्यक्ष करेगा फैसला