मुरादाबाद में भीषण सड़क हादसा, बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भीषण टक्कर, 4 की मौत, 1 गंभीर

Moradabad: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सबको झकझोर कर रख दिया. हरिद्वार मार्ग पर छजलैट थाना क्षेत्र के लदावली गांव के पास रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में 4 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया.

कैसे हुआ हादसा?

पुलिस के मुताबिक, मुरादाबाद डिपो की रोडवेज बस छजलैट की ओर से मुरादाबाद आ रही थी. वहीं, लदावली गांव स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास सामने से गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली आ रही थी. इसी दौरान दोनों वाहनों की जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि बस का ड्राइवर साइड वाला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और गन्ने की ट्रॉली सड़क पर पलट गई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.

मां-बेटे समेत 4 की मौत

इस भीषण हादसे में सदुपुरा गांव निवासी अर्चना पत्नी जानसन मसीह और उनके पांच वर्षीय बेटे सुशांत की मौके पर ही मौत हो गई. इसके अलावा नूरपुर, बिजनौर निवासी लोकेंद्र और दीपिका चौहान ने भी दम तोड़ दिया. वहीं, अर्चना के पति जानसन मसीह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. उन्हें मुरादाबाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.

हाईवे पर लगा लंबा जाम

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. ट्रॉली पलटने से हाईवे पर लंबा जाम लग गया. पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू कराया. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.

इसे भी पढ़ें:-दिल्ली में जैश के संदिग्ध आतंकी की गिरफ्तारी, सोशल मीडिया के जरिए ISI ने किया था भर्ती