दो दिवसीय दौरे पर पश्चिमी यूपी पहुंचेंगे सीएम योगी, 255 परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को दो दिवसीय पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं. इस दौरान वह यूपी के इस हिस्से के पांच जिलों का दौरा करेंगे, जहां मुख्यमंत्री करीब ₹3200 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे. पहले दिन यानी आज मुख्यमंत्री शामली, बिजनौर और गाजियाबाद का दौरा कर रहे हैं, जहां लगभग ₹2500 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. शुक्रवार को वे तीन जिलों के सात विधानसभा क्षेत्रों के लोगों को सौगात देंगे.

वेस्टर्न यूपी को सीएम योगी देंगे तोहफे

अपने पश्चिमी यूपी के दौरे पर पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करके इसकी जानकारी भी दी. सीएम योगी ने पोस्ट किया, ‘पश्चिमी उत्तर प्रदेश आज विकास, जनकल्याण और जनविश्वास की नई ऊर्जा से आलोकित होगा. जनपद शामली, बिजनौर और गाजियाबाद के विभिन्न विधान सभा क्षेत्रों में 2,452 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 255 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास होगा.’

आंगनवाड़ी कर्मियों को भी दिए जाएंगे नियुक्ति पत्र

सीएम योगी ने अपने पोस्ट में आगे लिखा, ‘इस अवसर पर जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति-पत्र, चेक, चाबियां, लैपटॉप, प्रमाण-पत्र एवं प्रशस्ति-पत्र वितरित किए जाएंगे और नवनियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों को नियुक्ति-पत्र भी दिए जाएंगे. विकास और लोक-कल्याण की ये सौगातें पश्चिमी उत्तर प्रदेश की प्रगति को नई गति प्रदान करते हुए ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को और अधिक सशक्त करेंगी.’

लखनऊ में CM योगी ने की IT विभाग के कार्यों की समीक्षा

इससे पहले, बीते गुरुवार को CM योगी ने लखनऊ में सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के कार्यों की समीक्षा की. इस दौरान, सीएम योगी ने यूपी को रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम कंप्यूटिंग, सेमीकंडक्टर और अन्य उभरती प्रौद्योगिकियों का नेशनल लेवल पर लीडर बनाने के लिए बड़ा एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए.

इसे भी पढ़ें:-संसद के मॉनसून सत्र में कौन-कौन बिल लाएगी मोदी सरकार? सामने आई गई पूरी लिस्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *