UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में अगले 7 दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश, गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 10 और 11 जुलाई को कहीं-कहीं भारी से अति भारी वर्षा होने का भी पूर्वानुमान जारी किया गया है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों तथा बिजली के खंभों से दूर रहने, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है.
देशभर के अधिकांश हिस्सों में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है, जिसके कारण यूपी में लगातार बारिश का दौर जारी रहने वाला है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 10 और 11 जुलाई को कहीं-कहीं भारी से अति भारी वर्षा होने का भी पूर्वानुमान जारी किया गया है. मौसम विभाग ने 7 जुलाई को प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर मेघगर्जन, वज्रपात तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के झोंकों, जिनकी गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
यूपी में आज आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, हमीरपुर, झांसी, महोबा और ललितपुर में लगभग सभी जगहों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. वहीं कानपुर, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, बलिया, मऊ, गोरखपुर, संत कबीर नगर और बस्ती में भी आज अनेक जगहों पर तेज आंधी के साथ बारिश होने का यलो अलर्ट दिया गया है. इन जिलों में 50-60 की रफ़्तार से हवाएं चलेंगी.
कहीं-कहीं भारी से अति भारी वर्षा का अनुमान
8 और 9 जुलाई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है, जबकि 10 और 11 जुलाई को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं भारी से अति भारी वर्षा का अनुमान है. पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई. पूर्वी उत्तर प्रदेश में मिर्जापुर के चुनार में सर्वाधिक 120 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा लखीमपुर खीरी के मोहम्मदी में 114 मिमी, आजमगढ़ के फूलपुर में 23 मिमी, जौनपुर में 22.4 मिमी, लखनऊ में 24 मिमी तथा प्रयागराज में 8 से 9.4 मिमी तक वर्षा दर्ज की गई.
इसे भी पढे़ं:-मुठभेड़ में 1 लाख का इनामी आसिफ ढेर, हत्या और लूट समेत 25 से अधिक मामले थे दर्ज